नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने ट्वीट कर के फिल्म इंडस्ट्री में होने वाले नस्लवाद की तरफ इशारा किया था। इसके बाद इंडस्ट्री में बहस छिड गई है कि बॉलीवुड में रेसिजम है कि नहीं।
इस पर अब आयुष्मान खुराना ने कहा है कि नवाज को इंडस्ट्री में लीड रोल्स मिल रहे हैं और यही एक सबसे बड़ा सुबूत है कि यहां रंगभेद नहीं है। आज के समय में सिर्फ टैलेंट से ही आप अच्छे रोल्स पा सकते हैं।
इसी बारे में बात करते हुए श्रद्धा कपूर ने कहा है "खूबसूरती स्किन के रंग से नहीं, स्किन के अंदर होती है। आप किसी भी बैकग्राउंड से हो सकते हैं, आपकी स्किन का कोई भी रंग हो सकता है, लेकिन असली सुंदरता आपके भीतर होती है। मैं मानती हूं कि प्रेशर हो सकता है लेकिन आप इसे कैसे झेलते है वो ज्यादा महत्वपूर्ण है।"
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इससे पहले ट्वीट किया था "मुझे यह एहसास दिलाने के लिए शुक्रिया कि मुझे गोरे एक्टर्स के अगेंस्ट कास्ट नहीं किया सकता क्योंकि मैं काला हूं और अच्छा नहीं दिखता, लेकिन मैं इन सब पर फोकस नहीं करता।"
दरअसल 'बाबुमोशाय बंदूकबाज' के कास्टिंग डायरेक्टर संजय चौहान ने नवाज के रगं को लेकर एक विवादित बयान दे दिया था। उन्होंने कहा था कि नवाज के अगेंस्ट हम फेयर एंड हैंडसम लोगों को कास्ट नहीं कर सकते, ये स्क्रीन पर अजीब दिखेगा।
कास्टिंग डायरेक्टर संजय चौहान ने हालांकि बाद में इस बात को क्लीयर करने की कोशिश की है। चौहान ने कहा है "मुझे गलत समझा गया और मेरी कही हुई बात को गलत तरीके से लिया गया है। मैंने केवल इतना कहा था कि हमें ऐसे एक्टर्स चाहिए जो नवाज के क्षमता की बराबरी कर सकें।"