अजीब होती जा रही हैं श्रद्घा कपूर की आदतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रद्धा कपूर के खाते में दो फ्लॉप और एक सुपरहिट फिल्म है। उनकी आने वाली फिल्म ‘एक विलेन’ से काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि इन बातों से बेखबर श्रद्धा सिर्फ अपने में ही खोई हुई हैं। उनके काम से ज्यादा फिल्म इंडस्ट्री में आदित्य रॉय कपूर से उनके प्यार और अब नखरों की बातें होने लगी हैं।
सूत्रों के अनुसार श्रद्धा को लेकर ‘एक विलेन’ से जुड़े लोग परेशान हैं क्योंकि वह मीडिया से बातचीत के लिए समय निकालने में बड़ी आनाकानी कर रही हैं। स्थिति यहां तक पहुंच चुकी है कि एक बार खुद फिल्म की निर्माता एकता कपूर को हस्तक्षेप करके श्रद्धा को समझाना पड़ा कि वह काम की गंभीरता को समझें।
क्यों दिखा रही हैं नखरे?
इस फिल्म की रिलीज में ज्यादा वक्त नहीं बचा है। यह 27 जून को रिलीज होने जा रही है, ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसे पहुंचाने मे जुटी फिल्म की टीम श्रद्धा के नखरों से परेशान बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस फिल्म में श्रद्धा न केवल ऐक्टिंग कर रही हैं, बल्कि उन्होंने इसमें गीत भी गाए हैं। सूत्र बता रहे हैं कि फिल्म के प्रमोशन कार्यक्रमों में श्रद्धा से जब गीत गाने को कहा जा रहा है तो वह नहीं गा रही हैं। जिससे लोगों को निराशा हाथ लग रही है।
इंटरव्यू में भी दिलचस्पी नहीं
श्रद्धा इस फिल्म को लेकर कितनी गंभीर हैं इसका पता सूत्रों की इस बात से भी चलता है कि वह मीडिया इंटरव्यू में भी दिलचस्पी नहीं ले रही हैं। हालांकि फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी और मैनेजर श्रद्धा का बचाव कर रहे हैं। पिछले दिनों वह जब एक मीडिया इंटरव्यू में नहीं पहुंची तो सूरी ने कहा कि खराब मौसम ने श्रद्धा की सेहत बिगाड़ दी है, अतः उन्हें आने में देर होगी।
जबकि श्रद्धा की टीम का कहना था कि वह जयपुर से फिल्म के प्रमोशन से देर रात लौटी हैं और थकी हुई हैं। उनका स्वास्थ्य भी थोड़ा खराब है। श्रद्धा की टीम का कहना है कि इस हीरोइन के सुपरस्टार जैसे नखरों की तमाम बातें गलत हैं। उनके अनुसार श्रद्धा पूरी तरह से ‘एक विलेन’ के प्रमोशन को समर्पित हैं। शुक्रवार को वह कोलकाता में थीं और शनिवार को बंगलूरू में। अब कहिए।