Monkey Man: साउथ के ‘हनुमान’ के बाद अब आया हॉलीवुड का ‘मंकीमैन’, हनुमत गाथा का सात समंदर पार दिखा प्रबल प्रताप
शोभिता इन दिनों हॉलीवुड डेब्यू को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म 'मंकी मैन' का ट्रेलर जारी हो चुका है।
विस्तार
अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला एक के बाद एक बेहतरीन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर दर्शकों का दिल जीत रही हैं। अभिनेत्री आखिरी बार वेब सीरीज 'मेड इन हेवन 2' में नजर आईं, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से काफी सुर्खियां बटोरीं। शोभिता इन दिनों हॉलीवुड डेब्यू को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म 'मंकी मैन' का ट्रेलर जारी हो चुका है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ट्रेलर साझा कर हॉलीवुड डेब्यू की खुशी जाहिर की है।
'मंकी मैन' का ट्रेलर
शोभिता की हॉलीवुड एक्शन फिल्म 'मंकी मैन' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इस फिल्म से देव पटेल बतौर निर्देशक डेब्यू करने जा रहे हैं। 'मंकी मैन' के तीन मिनट से अधिक लंबे ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक शख्स उन भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ प्रतिशोध की तलाश में है, जिन्होंने उसकी मां (अदिथि कालकुंटे) की हत्या कर दी थी। ट्रेलर में देव के किरदार को दिखाया गया है, जो एक फाइट क्लब में जीवन यापन करता है और उसे पैसे के लिए सेनानियों द्वारा पीटा जाता है। लड़ाई के दौरान वह गोरिल्ला मुखौटा पहनता है। ट्रेलर में एक बच्चे के रूप में देव की अपनी मां के साथ समय बिताने और कैसे उन्होंने उन्हें खो दिया, इसकी झलक भी दिखाई गई है। ट्रेलर में आगे दिखाया जाता है कि जैसे-जैसे वह बड़ा होता है, वह उन लोगों से बदला लेने के तरीके ढूंढता है, जिन्होंने उससे सब कुछ छीन लिया था।
यह भी पढ़ें: Lal Salaam: रजनीकांत को संघी बुलाए जाने पर भड़कीं बेटी ऐश्वर्या, बोलीं- ऐसा होता तो पिताजी 'लाल सलाम' नहीं करते
पोस्ट साझा कर जाहिर की खुशी
शोभिता धुलिपाला ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हेंडल पर अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म की घोषणा की है। उन्होंने फिल्म के ट्रेलर का साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'मेरी पहली हॉलीवुड फिल्म 'मंकी मैन' का ट्रेलर साझा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। मेरी यह फिल्म पांच अप्रैल को वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।'
'मंकी मैन' की स्टार-कास्ट
देव पटेल ने अपनी मूल कहानी और पटकथा का निर्देशन पॉल अंगुनावेला और जॉन कोली के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म जॉर्डन पील के मंकीपॉ और यूनिवर्सल के जरिए रिलीज होगी। इस फिल्म में मकरंद देशपांडे, सिकंदर खेर, शार्ल्टो कोपले, पितोबाश, विपिन शर्मा, अदिति कालकुंटे और अश्विनी कालसेकर भी हैं। 'मंकी मैन' का निर्माण देव पटेल, जोमन थॉमस, जॉर्डन पील, विन रोसेनफेल्ड, इयान कूपर, बेसिल इवानिक, एरिका ली, क्रिस्टीन हैबलर और अंजय नागपाल के जरिए किया गया है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म भगवान हनुमान की कथा से प्रेरित है।
यह भी पढ़ें: Lal Salaam: 'लाल सलाम' के ऑडियो लॉन्च इवेंट में दिखा थलाइवर का रुतबा, विंटेज कार से फिल्मी अंदाज में ली एंट्री