Shahrukh at Met Gala: शाहरुख का लुक देखकर डिजाइनर सब्यसाची से नाराज हुए यूजर्स, बोले- 'शाहरुख था इसलिए बच गए..
Shah Rukh Khan: शाहरुख खान मेट गाला 2025 की वजह से लगातार चर्चा में हैं। इस इवेंट में वह ऑल ब्लैक लुक में नजर आए। कुछ फैंस को उनका यह लुक बेहद साधारण लगा।
विस्तार
हाल ही में न्यूयॉर्क में आयोजित मेट गाला 2025 में बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने शिरकत की, लेकिन उनका लुक फैंस को कुछ खास पसंद नहीं आया। शाहरुख ने मशहूर डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी का डिजाइन किया हुआ आउटफिट पहना था, लेकिन सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस लुक को साधारण और ‘निराशाजनक करार दिया। फैंस का कहना है कि शाहरुख की शानदार मौजूदगी ने ही इस लुक को बचा लिया, वरना डिजाइन में वह बात नहीं थी जो मेट गाला जैसे बड़े मंच पर अपेक्षित थी।
मेट गाला अपने अनोखे थीम और शानदार फैशन के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि फैंस को शाहरुख से कुछ असाधारण की उम्मीद थी, लेकिन सब्यसाची के डिजाइन किए आउटफिट और ज्वेलरी ने कई लोगों को निराश किया। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “शाहरुख की मौजूदगी को 100 नंबर, लेकिन आउटफिट बहुत साधारण था और ज्वेलरी तो बिल्कुल अच्छी नहीं लगी।”
Met Gala 2025: शाहरुख ने दिखाया सुपर स्टारडम तो कियारा ने किया मदरहुड को सलाम; जानें सेलेब्स के आउटफिट डिटेल्स

शाहरुख के लुक में सबसे ज्यादा चर्चा उनके ‘के’ अक्षर वाले नेकलेस की हुई, जिसे फैंस ने ‘माफिया स्टाइल’ तक कह डाला। एक यूजर ने नाराजगी जताते हुए लिखा, “मेट गाला एलिगेंस का मंच है और मैं शाहरुख के लुक का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। लेकिन उनकी शानदार पर्सनैलिटी के अलावा बाकी सब कुछ फीका रहा। खासकर वो ‘के’ वाला नेकलेस, जो बिल्कुल माफिया वाइब दे रहा था। शाहरुख को रोमांस और राजशाही के लिए जाना जाता है, डिजाइन में ये दोनों बातें होनी चाहिए थीं।”

कई यूजर्स ने सब्यसाची की ज्वेलरी चॉइस पर सवाल उठाए। एक फैन ने लिखा, “पूरी तरह निराश... शाहरुख की मौजूदगी ने सब कुछ बचा लिया!” एक अन्य यूजर ने गुस्सा जताते हुए कहा, “सब्यसाची ने इतनी सस्ती दिखने वाली ज्वेलरी क्यों दी? रूबी, मोती या नीलम जैसी शानदार ज्वेलरी कहां थी? और आउटफिट की तो बात ही न करें।”

यह पहला मौका था जब शाहरुख मेट गाला में नजर आए थे। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों पर लगातार लोग कमेंट कर रहे हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख जल्द ही किंग नाम की फिल्म में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिषेक बच्चन और सुहाना खान भी दिखेंगी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।