मातृभूमि: पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज में सलमान की अगली फिल्म, सूत्र का दावा- सीबीएफसी में फाइनल कट जमा होना बाकी
Mathrubhumi Release: सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि’ अपनी रिलीज से पहले अंतिम दौर की तैयारियों की तरफ है। एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म जल्द ही सीबीएफसी सर्टिफिकेट के लिए भेजी जाएगी।
विस्तार
सलमान खान के फैंस को उनकी अगली फिल्म 'मातृभूमि’ का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म को लेकर कई तरह की खबरें सामने आती हैं। कभी कहा जाता है कि इसकी रिलीज अटकी है तो कभी सुनने में आता है कि इसकी शूटिंग ही अभी पूरी नहीं हुई। मेकर्स ने इस फिल्म को इस साल अप्रैल में रिलीज करने का प्लान किया था पर ऐन वक्त पर इसकी रिलीज टल गई। अब फिल्म को लेकर फिर से हलचल शुरू हो गई है। जानें क्या है मामला?
कहां तक पहुंचा फिल्म का काम?
फिल्म 'मातृभूमि' का लगभग 90 फीसदी काम हो चुका है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक मातृभूमि अभी भी पोस्ट-प्रोडक्शन में है और फिल्म का फाइनल कट अभी तक सीबीएफसी को सर्टिफिकेशन के लिए जमा नहीं किया गया है। एक सूत्र ने पोर्टल को बताया, ‘रवि बस्रूर (संगीतकार) फिलहाल ऑक्टेविया स्टूडियो में संगीत पर काम कर रहे हैं और निर्माता अभी तक फाइनल कट पर नहीं पहुंचे हैं। फिल्म में जो बदलाव मांगे जा रहे हैं, उन्हें शामिल किया जा रहा है। अंतिम संस्करण को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।’
सीबीएफसी जाएगी फिल्म
इसके साथ ही रिपोर्ट के अनुसार फिल्म के सूत्र बताया कि अपूर्वा लखिया द्वारा निर्देशित यह फिल्म अंतिम बदलावों के बाद ही सीबीएफसी को भेजी जाएगी। रिलीज की तारीख के बारे में बात करते हुए सूत्र ने कहा कि अंतिम संस्करण तैयार होने और प्रमाणीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही निर्माता रिलीज की योजना बनाएंगे।
फिल्म ‘मातृभूमि’ के बारे में
- सलमान खान अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।
- सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है।
- इसमें चित्रांगदा सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई है।
- पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवां’ था। मगर फिर इसे बदल कर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया।