Rakesh Roshan: इस फिल्म का एलान करते समय रो पड़े थे राकेश रोशन, सुनैना बोलीं- मैं भी अपने आंसू नहीं रोक पाई
Sunaina Roshan: हाल ही में ऋतिक रोशन की बहन सुनैना रोशन ने अपने पिता राकेश रोशन को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी 'कृष' के चौथे भाग को निर्देशित करने के लिए सुपरस्टार ऋतिक रोशन तैयार हैं। इस खबर से उनके फैंस में उत्साहित हैं। इस बीच उनकी बहन सुनैना रोशन ने एक इंटरव्यू में उस भावुक पल को साझा किया, जब उनके पिता और मशहूर निर्देशक राकेश रोशन ने पहली बार इसकी घोषणा की थी।
पिंकविला से बातचीत में सुनैना ने कहा कि जब राकेश रोशन ने 'कृष 4' की घोषणा की तो यह खबर सुनकर वह खुशी से झूम उठीं। सुनैना ने कहा, "पापा ने मुझसे कहा कि मैं कृष 4 की घोषणा कर रहा हूं। मैंने कहा वाह यह तो शानदार है। फिर उन्होंने कहा कि तुम्हारा भाई इसे निर्देशित कर रहा है। यह कहते ही पापा की आंखें नम हो गईं और मैं भी अपने आंसुओं को नहीं रोक पाईं।"
Waves 2025: मंच से आमिर ने जताई खुशी, बोले- पहली बार किसी सरकार ने भारत को मनोरंजन में अगुआ बनाने की ठानी
सुनैना ने कहा, "मेरे लिए यह सोचना अभी भी अभिभूत करने वाला है कि मेरा भाई अब निर्देशक बन रहा है। मैंने पापा को कभी रोते नहीं देखा, इसलिए यह मेरे लिए बहुत भावुक पल था।" इस बातचीत में सुनैना ने कहा कि उन्हें अपने भाई पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि ऋतिक जब अपने पिता के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करते थे, तब भी वह सीन में बदलाव के सुझाव देते थे। सुनैना ने गर्व से कहा, "मुझे यकीन है कि वह एक शानदार निर्देशक बनेंगे। वह हमेशा से रचनात्मक रहे हैं और उनके सुझाव पापा को भी प्रभावित करते थे।"
इस साल की शुरुआत में राकेश रोशन ने घोषणा की थी कि 'कृष 4' का निर्देशन ऋतिक करेंगे। खबरों की मानें तो 'कृष 4' में प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर ऋतिक के साथ नजर आ सकती हैं। फैंस इस जोड़ी को दोबारा पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं। फिल्म की शूटिंग 2026 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों और इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्साह है।
'कृष 4' के अलावा ऋतिक इन दिनों अयान मुखर्जी की फिल्म 'वॉर 2' में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह जूनियर एनटीआर के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। 'वॉर 2' 14 अगस्त 2025 को रिलीज होने वाली है। यह यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है।