Lara Dutta: 'माय डार्लिंग...', 'सैयारा' देख लारा दत्ता ने लिखा अहान पांडे की मां डियाने के लिए प्यारा नोट
Lara Dutta Penned Heartfelt Note For Deanne Panday: फिल्म 'सैयारा' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म देखने के बाद लारा दत्ता ने अहान की मां और अपनी दोस्त डियाने पांडे के लिए खूबसूरत नोट लिखा है।
विस्तार
फिल्म 'सैयारा' सिनेमाघरों में लगी हुई है। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। मोहित सूरी निर्देशित इस फिल्म के जरिए अहान पांडे ने डेब्यू किया है। फिल्म देखने के बाद लारा दत्ता ने अहान पांडे की मां डियाने पांडे के लिए एक पोस्ट शेयर किया है। दरअसल, डियाने पांडे और लारा दत्ता बहुत अच्छी दोस्त हैं।
लारा ने डियाने पांडे की तारीफ में लिखा पोस्ट
लारा दत्ता ने आज रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने कुछ थ्रोबैक फोटोज शेयर की हैं। इसके साथ लिखा है, 'यह पोस्ट मेरी दोस्त डियाने के लिए है'। आगे लिखा है, 'मैं कल उनके बेटे अहान की फिल्म देखने गई थी। अहान को मैं बचपन से जानती हूं और उसे एक वैचारिक, सुशिक्षित और चार्मिंग बॉय के रूप में बढ़ते देखना मेरे लिए खुशी की बात रही है। अहान स्टार बनेगा, इसमें हमें शुरू कोई शक नहीं रहा, लेकिन इसका श्रेय उसकी मां को जाता है।
25 वर्षों से साथ हैं डियाने और लारा
डीपी (जैसा कि मैं डियाने पांडे को बुलाती हूं) पिछले 25 वर्षों से मेरे लिए एक दोस्त से बढ़कर रही हैं। जब मैं टीनएज में पहली बार मुंबई आई थी और किसी को नहीं जानती थी, तब भी वे मेरे साथ थीं। उन्होंने और उनके परिवार ने मुझे ऐसा महसूस कराया कि मेरे कुछ दोस्त हैं, जो मेरा ख्याल रखेंगे। मैंने जब मिस इंडिया और मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था, तब भी वे मेरे साथ थीं और उन्होंने मुझे जमीन से जुड़े रहने और मेरी फिटनेस-मेंटल हेल्थ का ख्याल रखने में मदद की। वे रिश्तों, ब्रेकअप, मेरी शादी, मेरी बेटी के जन्म और हाल ही में पेरेंट्स के जाने के दौरान मुश्किल वक्त में भी मेरे साथ रही हैं।
बोलीं- 'बच्चों की मेहनत आपकी अच्छाई का प्रमाण है'
लारा ने आगे लिखा है, 'वे बस चुपचाप, पूरी तरह से मेरे साथ रही हैं, करुणा, साहस और प्रेम के साथ। मैंने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से थके होने के बावजूद अपने परिवार और दोस्तों के लिए हमेशा मदद के लिए आगे आते देखा है। वे हर समय अपने प्रियजनों के लिए हाजिर रहती हैं। चुपचाप काम में लग जाती है और जो कुछ भी करने की जरूरत होती है, उसका ध्यान रखती है और बदले में कभी कुछ नहीं मांगतीं। वे अपने बच्चों अलाना और अहान से दुनिया की किसी भी चीज से ज्यादा प्यार करती है (शायद अब पोते रिवर के बाद वे दूसरे नंबर पर हों), और उनके सभी सपनों को साकार करने वाली एक सुपरमॉम और दादी रही है'। लारा आगे लिखती हैं, 'माय डार्लिंग डीपी... आपके बच्चों ने जो हासिल किया है, उससे मैं बहुत खुश हूं और गर्व महसूस करती हूं। मुझे पता है कि आपने कितनी मेहनत की है। उनके लिए कितनी दुआएं की हैं। मुझे उम्मीद है कि आपके दोनों प्यारे बच्चे जो भी उपलब्धियां हासिल करेंगे, वे आपके अच्छे कर्मों और आपके शानदार व्यक्तित्व का एक प्रमाण होंगी'!