Kunal Kamra Row: खार पुलिस को ट्रांसफर किए गए कुणाल कामरा के खिलाफ दर्ज केस, इस दिन होगी कॉमेडियन से पूछताछ
Kunal Kamra Row: वह स्टूडियो जहां कुणाल कामरा ने शिवसेना में विभाजन को लेकर राजनेता पर कटाक्ष करते हुए वीडियो शूट किया था, महानगर के पश्चिमी भाग में खार में स्थित है। अब कई केस खार पुलिस को ट्रांसफर किए गए हैं।
विस्तार
राजनेता पर 'गद्दार' वाली टिप्पणी करने के मामले में महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ दर्ज मामलों को मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया है। शनिवार को अधिकारी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिस स्टूडियो में कुणाल कामरा ने शिवसेना में विभाजन को लेकर राजनेता पर कटाक्ष करते हुए वीडियो शूट किया था, वह महानगर के पश्चिमी हिस्से में खार में स्थित है।
तीन केस खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर
शिवसैनिकों ने 23 मार्च की रात को स्टूडियो और जिस होटल में यह स्थित है, उसमें तोड़फोड़ की थी। अधिकारी ने बताया, 'नासिक ग्रामीण, जलगांव और नासिक (नंदगांव) में पुलिस में दर्ज तीन मामलों को खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया है, जहां शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर कामरा के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है।' पुलिस ने उन्हें 31 मार्च तक पूछताछ के लिए हाजिर होने का निर्देश दिया है।
Kunal Kamra Row: विवादित टिप्पणी मामले में कुणाल कामरा को राहत, मद्रास हाई कोर्ट से मिली अंतरिम अग्रिम जमानत
मयूर बोरसे की शिकायत पर केस दर्ज
उन्होंने बताया कि नासिक ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत आने वाले मनमाड में शिवसेना नेता मयूर बोरसे की शिकायत पर कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि जलगांव में शिकायतकर्ता संजय दिगंबर भुजबल हैं, जो शिंदे नीत पार्टी के शहर प्रमुख हैं। अधिकारी ने बताया कि नासिक के नंदगांव में मामला होटल व्यवसायी सुनील शंकर जाधव की शिकायत पर आधारित था।
Kunal Kamra Row: 'कुणाल कामरा की जिंदगी को कॉमेडी बना देना चाहिए', स्टैंडअप कॉमेडियन पर भड़के भाजपा विधायक
सामूहिक रूप से होगी मामले की जांच
मुंबई पुलिस अधिकारी ने कहा, 'इन मामलों की सामूहिक रूप से जांच की जाएगी।' मद्रास उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को कामरा को इस शर्त पर अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी कि वह तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के वनूर में न्यायिक मजिस्ट्रेट की संतुष्टि के लिए बांड भरेंगे। कामरा ने दलील दी थी कि वह 2021 में मुंबई से तमिलनाडु चले गए थे और तब से वह आम तौर पर इसी राज्य (तमिलनाडु) के निवासी हैं और उन्हें मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का डर है।