‘पद्मावती’ विवाद फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी की पत्नी का किरदार निभा रही अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने विवाद करने वालों को जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा कि वह समझ नहीं पा रही हैं कि भारत एक देश के तौर पर किस दिशा में जा रहा है।
अदिति राव हैदरी ने बुधवार को उन लोगों पर सवाल उठाया है जो देश में महिलाओं के साथ प्रतिदिन होने वाली हिंसा पर गुस्सा नहीं होते। अदिति ने ट्विटर पर लिखा कि लोगों को उस वक्त गुस्सा क्यों नहीं आता जब महिलाओं का बलात्कार होता है, उन्हें बेचा जाता है, उनसे हिंसा की जाती है, उन्हें गर्भ में ही मार दिया जाता है।
मुझे अपने देश से प्यार है, लेकिन मैं अब इसे समझ ही नहीं पा रही हूं। मुझे लगता है कि मेरा देश समझ रहा होगा कि वह क्या बनता जा रहा है।
उन्होंने देशवासियों से कहा कि क्या मुझे अपना देश वापस मिल सकता है? वहीं टीवी अभिनेता करण पटेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुझे लगता है यह कहना सही होगा कि धमकी और सुपारी काम कर रही है जबकि पुलिस और सरकार अपने काम में व्यस्त हैं।
बता दें कि बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार इस मुद्दे पर बोलने से बच रहे हैं जबकि छोटे कलाकार लगातार फिल्म के समर्थन में सामने आ रहे हैं। इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता रोहित रॉय ने कहा था कि वे भारतीय होने और भारत में रहने को लेकर बेहद दुखी और निराश हैं।