Sumi Har Chowdhury: सड़क पर भटकती हुई मिली यह एक्ट्रेस, तीन महीने से गायब थी; परिवार को ढूंढने में जुटी पुलिस
Sumi Har Chowdhury Viral Video: बंगाल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल बंगाली फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री सुमी हर चौधरी को सड़कों पर यूं घूमते हुए देखा गया जैसे उन्होंने अपना घर परिवार छोड़ दिया हो।
विस्तार
कैसे सामने आई अभिनेत्री की पहचान?
ये घटना बर्दवान जिले के अमिला बाजार इलाके की है, जहां स्थानीय लोगों ने जब महिला को भटकते देखा तो पहले तो उन्होंने उसे एक आम महिला समझ कर नजरअंदाज किया। लेकिन उनकी लगातार दोहराई जा रही ‘मैं एक्ट्रेस हूं’ वाली बात ने कुछ लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। जब इंटरनेट पर उनके नाम की खोज की गई, तब उनकी फिल्मों और तस्वीरों के जरिए पुष्टि हुई कि वो वास्तव में वही अभिनेत्री हैं जो कुछ समय पहले तक पर्दे पर नजर आती थीं।
विज्ञापन विज्ञापन
लोगों ने पुलिस को दी जानकारी
स्थानीय पुलिस ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो अभिनेत्री ने अपने बारे में अजीबों-गरीब जानकारियां दीं। पहली बार उन्होंने खुद को कोलकाता का निवासी बताया, तो दूसरी बार बोलपुर का। इसके बाद पुलिस ने बताया कि शायद पहले वो बेहाला (कोलकाता) में रहती थीं और बोलपुर में भी कुछ समय बिता चुकी हैं। फिलहाल अभिनेत्री को एक शेल्टर होम में भेज दिया गया है और उनके परिजनों की तलाश जारी है।
ये खबर भी पढ़ें: Faisal Shaikh: ‘बिग बॉस’ के नए सीजन में नजर आएंगे इंफ्लुएंसर फैसल शेख, देखें वायरल वीडियो में क्या कहा?
सिनेमा की दुनिया से अचानक गायब
सुमी हर चौधरी ने अपने करियर में 'द्वितीय पुरुष' और 'खाशी कथा: ए गोट सागा' जैसी चर्चित बंगाली फिल्मों में सपोर्टिंग रोल निभाए हैं। सृजीत मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द्वितीय पुरुष’ को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया पाई थी। वहीं ‘खाशी कथा’ जैसी फिल्म में नसीरुद्दीन शाह जैसे दिग्गज कलाकार के साथ काम करना भी उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। इसके अलावा उन्होंने ‘रूपसागरे मोनेर मानुष’ और ‘तुमी आशे पासे ठाकले’ जैसे शोज में भी काम किया।
पुलिस को अब भी है परिवार की तलाश
पुलिस अधिकारी अभिषेक मंडल के मुताबिक, बेहाला थाने को सूचित कर दिया गया है और अभिनेत्री के परिवार तक पहुंचने की पूरी कोशिश की जा रही है। लेकिन अब तक उनके परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। अगर जल्द ही कोई संबंधी सामने नहीं आता, तो संभव है कि उन्हें लंबे समय तक शेल्टर होम में रहना पड़े।