Vivek Agnihotri: 'वे मेरे परिवार को भी घसीट रहे', फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' पर चल रहे विवाद के बीच विवेक का दावा
The Bengal Files Controversy: फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' विवादों के घेरे में हैं। इस फिल्म को लेकर निर्देशक विवेक अग्निहोत्री पर कई एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। वहीं, निर्देशक ने अब दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं।
विस्तार
'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्म के लिए लोकप्रिय निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों कोलकाता में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जमकर हंगामा हुआ। निर्देशक के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। विवेक अग्निहोत्री का कहना है कि फिल्म की रिलीज को लेकर उन्हें धमकिया मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ-साथ उनके परिवार को भी घसीटा जा रहा है।
बोले- 'मेरे परिवार को घसीटा जा रहा है'
अपनी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' को लेकर बढ़ते विवाद के बीच निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने दावा किया है कि उन्हें फिल्म की रिलीज को लेकर 'धमकियां' मिली हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने खुलासा किया कि उनके साथ-साथ उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं। निर्देशक ने कहा, 'मेरी बेटी और बेटे को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मेरे परिवार को घसीटा है। 'द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज के बाद मेरे नाम पर तीन फतवे जारी किए गए। तब से मैं अपने बच्चों के साथ कार में नहीं बैठा हूं। एक बार भी नहीं। हमने साथ में कुछ भी नहीं किया है'।
बताई नाम में बदलाव की वजह
मुझे 'द कश्मीर फाइल्स' बनाने में इतनी परेशानी नहीं हुई जितनी इस फिल्म को बनाने में हो रही है'। उन्होंने आगे कहा, 'मुझ पर हमला किया जा रहा है और एक तरह से सोशल मीडिया पर लिंचिंग का शिकार बनाया जा रहा है'। विवेक अग्निहोत्री ने अपनी बेटी और पत्नी सहित अपने परिवार को मिल रही धमकियों की निंदा की। साथ ही कहा कि उनकी यह आगामी फिल्म बंगाली संस्कृति, संगीत और खान-पान पर प्रकाश डालती है। बातचीत के दौरान विवेक ने फिल्म का शीर्षक 'द दिल्ली फाइल्स: बंगाल चैप्टर' से बदलकर 'द बंगाल फाइल्स' करने के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पोस्टरों में मूल नाम का ही इस्तेमाल किया गया था और यह बदलाव गलतफहमी से बचने के लिए किए गए थे।
दर्शकों से बातचीत के बाद बदला टाइटल
विवेक अग्निहोत्री ने कहा, 'जब मैं मार्च-अप्रैल में पहली बार अमेरिका गया था, तो मैंने फिल्म की नेटवर्किंग और मार्केटिंग शुरू की, क्योंकि मैं वहां शो करना चाहता था। जैसे ही मैंने न्यू जर्सी में अपना पहला भाषण दिया, वहां बहुत सारे लोग इकट्ठा हो गए। मैंने घोषणा की कि मेरी फिल्म 'द दिल्ली फाइल्स: बंगाल चैप्टर' आ रही है। उनमें से कई मेरे पास आए और पूछा कि क्या फिल्म सिख दंगों पर आधारित है या दिल्ली दंगों पर। मुझे एहसास हुआ कि कम्युनिकेशन की बहुत बड़ी समस्या थी'।
कब रिलीज होगी 'द बंगाल फाइल्स'
उन्होंने आगे कहा कि उसके बाद उन्होंने दर्शकों से संपर्क किया और 'द बंगाल फाइल्स' को अंतिम रूप देने से पहले फिल्म के शीर्षक के लिए सुझाव लिए। बता दें कि फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' 1940 के दशक के दौरान अविभाजित बंगाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर आधारित है। यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।