Manushi Chhillar: लगातार तीन फ्लॉप, अब ‘मालिक’ से हैं उम्मीदें; क्या राजकुमार राव बचा पाएंगे मानुषी का करियर
Manushi Chhillar Career: मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद बॉलीवुड में आईं मानुषी छिल्लर का करियर अब तक सिर्फ गोते खा रहा है। ऐसे में क्या जो अक्षय कुमार और विक्की कौशल नहीं कर पाए वो राजकुमार राव की ‘मालिक’ कर पाएगी? क्या मानुषी को अपने करियर की पहली हिट फिल्म मिल पाएगी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकुमार राव की फिल्म ‘मालिक’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर माहौल तो काफी बना था, लेकिन पहले दिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वैसा कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। क्रिटिक्स ने भी फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया ही दी। फिल्म में पहली बार राजकुमार राव एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। वो फिल्म में एक गैंगस्टर का रोल निभा रहे हैं। ये फिल्म राजकुमार राव के लिए तो अहम है ही, लेकिन उनसे भी ज्यादा इस फिल्म की सफलता अभिनेत्री मानुषी छिल्लर के लिए जरूरी है। क्योंकि ये मानुषी छिल्लर की चौथी फिल्म है और अभिनेत्री को अभी भी अपने करियर की पहली हिट फिल्म की जरूरत है। जानते हैं मानुषी छिल्लर की पहली फिल्में और उनका क्या हाल रहा।
अक्षय कुमार के साथ की करियर की शुरुआत
2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के लगभग पांच साल बाद साल 2022 में मानुषी छिल्लर ने बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया। मानुषी ने अपने डेब्यू के लिए एक दम परफेक्ट फिल्म और बैनर चुना था। उनकी पहली फिल्म अक्षय कुमार के साथ ‘सम्राट पृथ्वीराज’ थी। इस हिस्टोरिकल ड्रामा को यशराज बैनर के तले बनाया गया था और फिल्म के लीड रोल में भी अक्षय कुमार थे। ऐसे में मानुषी को उम्मीद थी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा करेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। लगभग 200 करोड़ से भी ऊपर के बजट में बनी यह फिल्म भारत में सिर्फ 68 करोड़ के करीब का बिजनेस कर पाई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी और मानुषी का एक सफल डेब्यू का सपना अधूरा रह गया।
‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ भी नहीं रही ग्रेट
इसके बाद मानुषी छिल्लर विक्की कौशल के साथ फिल्म ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ में नजर आईं। यह फिल्म भी यशराज के बैनर तले ही बनी थी। यह एक कॉमेडी फैमिली एंटरटेनर थी, जो एक संदेश भी देती है। हालांकि, यह फिल्म कब आई और कब चली गई किसी को पता भी नहीं चला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 40 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 5-6 करोड़ रुपए का ही कारोबार कर पाई और एक डिजास्टर साबित हुई। फिल्म की कोई चर्चा न होने से मानुषी छिल्लर को फिर से कोई हाइप नहीं मिल पाई।
लगातार दीं तीन फ्लॉप फिल्में
दो बैक टू बैक फ्लॉप के बाद मानुषी के हाथ एक बार फिर से बड़े बजट की फिल्म लगी। इस बार फिर उनके साथ फिल्म में अक्षय कुमार थे। इस बार साथ में एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ भी थे और एक बड़ी स्टारकास्ट थी। अली अब्बास जफर द्वारा निर्देशित यह फिल्म थी ‘बड़े मियां छोटे मियां’, जो अमिताभ बच्चन और गोविंदा की इसी नाम से सुपरहिट कॉमेडी फिल्म का अगला पार्ट बताई गई। हालांकि, सिर्फ नाम ही एक था बाकी फिल्म की कहानी पूरी तरह से अलग थी। ये एक एक्शन-साइफाई फिल्म थी, जिसे पूजा एंटरटेनमेंट ने बनाय था। इस फिल्म को लेकर काफी बज क्रिएट किया गया था। लेकिन जब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आई तो धड़ाम हो गई। लगभग 350 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 65 से 70 करोड़ रुपए की कमाई कर पाई। इस तरह से मानुषी छिल्लर के खाते में लगातार तीसरी बड़ी फ्लॉप आई।
लगातार तीन बड़े बजट और प्रोडक्शन हाउस की फिल्में, जिनमें स्टार्स भी बड़े-बड़े थे। वो मिलने के बाद भी मानुषी छिल्लर को एक हिट अभी तक नहीं मिली है। यही कारण है कि डेब्यू को तीन साल हो गए हैं और मानुषी की सिर्फ तीन ही फिल्में आई हैं। तीनों ही बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई हैं। ऐसे में अब मानुषी के करियर के लिए राजकुमार राव की ‘मालिक’ का चलना बहुत जरूरी है। हालांकि, मालिक में मानुषी का किरदार छोटा है और स्क्रीन स्पेस भी इसी वजह से कम है। लेकिन वो कहते हैं न कि डूबते को एक तिनके का सहारा होता है। ऐसे में मानुषी के लिए मालिक का सफल होना ही जरूरी है, भले ही उसमें रोल उनका कितना भी हो। हालांकि, पहले दिन की कमाई को देखते हुए ‘मालिक’ के भी बड़ी हिट बनने की उम्मीद कम ही है। अगर मालिक भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होती है, तो बेशक मानुषी का करियर गोते खाने लगेगा।