Hindi News
›
Election
›
Lok Sabha Election 2024 Phase 4 Hot Seats And Contestants
{"_id":"663f6c00d07a3b4f1e0925b4","slug":"lok-sabha-election-2024-phase-4-hot-seats-and-contestants-2024-05-11","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"चौथे चरण की हॉट सीटें: अखिलेश, ओवैसी, गिरिराज से यूसुफ पठान तक की किस्मत ईवीएम में कैद, कहां कैसा रहा मतदान?","category":{"title":"Election","title_hn":"चुनाव","slug":"election"}}
चौथे चरण की हॉट सीटें: अखिलेश, ओवैसी, गिरिराज से यूसुफ पठान तक की किस्मत ईवीएम में कैद, कहां कैसा रहा मतदान?
Lok Sabha Election 2024: चौथे चरण का मतदान खत्म हो गया है। इस चरण में 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 96 सीटों पर मतदान कराया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान और कीर्ति आजाद, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत इसी चरण में ईवीएम में कैद हो गई।
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण का मतदान सोमवार (13 मई) को खत्म हो गया। इस चरण में 10 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से 1717 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। चौथे चरण में 96 संसदीय क्षेत्रों में मतदान कराया गया है। चौथे चरण के लिए एक सीट पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संख्या 18 है। जिन सीटों पर मतदान हुआ है, उनमें से कई सीटें ऐसी हैं जहां से दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर रही है। इनमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान और कीर्ति आजाद, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई केंद्रीय मंत्री और कई पूर्व मंत्री शामिल हैं।
आइये जानते हैं चौथे चरण की ऐसी ही हॉट सीटों के बारे में…
उम्मीदवार
लोकसभा सीट
2019 में वोट %
2024 में वोट %
(शाम 5 बजे तक)
अखिलेश यादव
कन्नौज
60.86
59.05
अजय मिश्र टेनी
खीरी
64.2
62.75
साक्षी महाराज
उन्नाव
56.47
53.97
नित्यानंद राय
उजियारपुर
60.15
54.93
गिरिराज सिंह
बेगूसराय
62.63
54.08
ललन सिंह
मुंगेर
54.9
51.44
असदुद्दीन ओवैसी
हैदराबाद
44.84
39.17
शत्रुघ्न सिन्हा
आसनसोल
76.62
69.43
अर्जुन मुंडा
खूंटी
69.25
65.82
कांतिलाल भूरिया
रतलाम
75.7
70.61
अधीर रंजन चौधरी बनाम यूसुफ पठान
बहरामपुर
79.41
75.36
कीर्ति आजाद
बर्धमान-दुर्गापुर
82.67
75.02
महुआ मोइत्रा
कृष्णानगर
83.75
77.29
पंकजा मुंडे
बीड
66.17
58.21
रावसाहेब दादाराव दान
जालना
64.75
58.85
जी किशन रेड्डी
सिकंदराबाद
46.5
42.48
बंडी संजय कुमार
करीमनगर
69.52
67.67
वाईएस शर्मिला
कडप्पा
78.68
72.85
किरण कुमार रेड्डी
राजमपेट
79.26
68.47
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
अखिलेश यादव: उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। कन्नौज लोकसभा सीट से सपा की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चुनाव मैदान में हैं। यहां से भाजपा के सुब्रत पाठक अभी मौजूदा सांसद हैं। इस चुनाव में अखिलेश के सामने भाजपा से सुब्रत पाठक और बसपा से इमरान बिन जफर हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर भाजपा से सुबत पाठक जीते थे। तब उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। उस चुनाव में यहां 62.9 % मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
अजय मिश्र टेनी: उत्तर प्रदेश की खीरी सीट भी चर्चा में बनी हुई है। यहां केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी भाजपा के टिकट पर फिर मैदान में हैं। तिकुनिया कांड में किसानों की मौत मामले में उनके बेटे आशीष मिश्र का नाम आया था। इस चुनाव में सपा ने पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा और बसपा ने पंजाबी समाज के अक्षय कालरा को उतारा है। पिछले चुनाव में खीरी सीट पर भाजपा के अजय मिश्र को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 66.2% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
साक्षी महाराज: अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले साक्षी महाराज एक बार फिर उत्तर प्रदेश की उन्नाव सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। उनके सामने कांग्रेस छोड़कर सपा में आईं अन्नू टंडन प्रत्याशी हैं। अन्नू टंडन सांसद रह चुकी हैं। बसपा के टिकट पर अशोक पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में साक्षी महाराज ने जीत का परचम लहराया था। उस चुनाव में उन्नाव सीट पर 57.8% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
नित्यानंद राय: मसालों के उत्पादन के लिए मशहूर बिहार के उजियारपुर से नित्यानंद राय चुनाव मैदान में हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे नित्यानंद मोदी सरकार में गृह राज्यमंत्री हैं। उनके सामने राजद नेता और पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता हैं। 2019 में उजियारपुर सीट पर भाजपा के टिकट पर नित्यानंद राय को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 61.9% वोटिंग हुई थी।
गिरिराज सिंह: बिहार की बेगूसराय सीट से गिरिराज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री गिरिराज के सामने इस बार भाकपा के अवधेश कुमार राय हैं। 2019 में बेगूसराय सीट पर भाजपा के गिरिराज सिंह ने भाकपा के कन्हैया कुमार को हराया था। उस चुनाव में यहां 64.1% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
ललन सिंह: बिहार में चौथे चरण में मुंगेर लोकसभा सीट पर भी मतदान है। मुंगेर लोकसभा के एनडीए प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह हैं। जदयू के पूर्व अध्यक्ष ललन के सामने कुमारी अनीता राजद की उम्मीदवार हैं। 2019 में मुंगेर सीट पर जदयू के ललन सिंह ने सफलता हासिल की थी। उस चुनाव में यहां 55.9% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
असदुद्दीन ओवैसी: इस लोकसभा चुनाव में हॉट सीटों की सूची में हैदराबाद भी शामिल है। यहां के सियासी मुकाबले की चर्चा खूब हो रही है। चार बार के सांसद और एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के सामने अपना किला बचाने की चुनौती होगी। इस बार उनका सीधा मुकाबला भाजपा की डॉ. माधवी लता से है। वह हाल ही में राजनीति में आई हैं। इस सीट पर ओवैसी के सामने कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मो. वलीउल्लाह समीर को उतारा है। बीआरएस से जी. श्रीनिवास यादव प्रत्याशी हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में हैदराबाद सीट पर असदुद्दीन ओवैसी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां महज 45.8% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
शत्रुघ्न सिन्हा: बिहारी बाबू के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टीएमसी के उम्मीदवार हैं। श्रमिक और झारखंड और बिहार के प्रवासी मतदाताओं की बहुलता वाली इस सीट पर 2019 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां से गायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो भाजपा के टिकट पर जीते थे। उस चुनाव में यहां 70.8% मतदान हुआ था। सुप्रियो ने बाद में सांसदी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए। इसके बाद हुए उप चुनाव में यहां से टीएमसी के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने जीत दर्ज की थी।
इस बार भाजपा ने पहले पवन सिंह को आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था। पवन को उम्मीदवार बनाने का जैसे ही एलान किया, वैसे ही विपक्ष ने पवन सिंह के कुछ पुराने गानों को लेकर आपत्ति जताई। बाद में पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव न लड़ने का एलान किया। इसके बाद पार्टी ने सांसद एसएस अहलूवालिया को यहां से उतारा। इसके अलावा, माकपा ने जहांआरा खान को अपना प्रत्याशी बनाया है।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
अर्जुन मुंडा: झारखंड की खूंटी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भाजपा के उम्मीदवार हैं। उनके सामने कांग्रेस से कालीचरण मुंडा हैं। 2019 में खूंटी सीट पर भाजपा के अर्जुन मुंडा ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में यहां 73.2% मतदान हुआ था।
कांतिलाल भूरिया: मध्य प्रदेश की रतलाम सीट से कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया को अपना चेहरा बनाया है। भूरिया का मुकाबला भाजपा की अनिता नागर सिंह चौहान से है। पिछले चुनाव में रतलाम सीट पर भाजपा के गुमान सिंह डामोर ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में यहां 79.7% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
अधीर रंजन चौधरी बनाम यूसुफ पठान: इस चुनाव में पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट का मुकाबला भी दिलचस्प है। यहां कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी एक बार फिर मैदान में हैं। वहीं, टीएमसी ने अधीर के सामने पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है। दूसरी ओर भाजपा ने डॉक्टर निर्मल कुमार साहा को मैदान में उतारा है। बीते 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई थीं जिनमें बहरामपुर भी शामिल थी। कांग्रेस की तरफ से अधीर रंजन चौधरी को जीत मिली थी। उस चुनाव में बहरामपुर सीट पर 75.2% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
कीर्ति आजाद: दक्षिण बंगाल में स्थित बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट पर पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद टीएमसी के उम्मीदवार हैं। कीर्ति आजाद 1983 की विश्व विजेता क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। उनके पिता भगवत झा आजाद बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस में रहने के बाद कीर्ति अब टीएमसी के नेता हैं। इस चुनाव में भाजपा ने यहां से प्रदेश अध्यक्ष रहे दिलीप घोष को उतारा है, जो पिछली बार मेदिनीपुर से सांसद थे। वहीं, भाकपा ने सुकृति घोषाल को अपना चेहरा बनाया है। बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट पर पिछला मुकाबला कांटे का रहा था और हार-जीत महज 2439 वोटों से तय हुई थी। पिछली बार यहां से भाजपा के एसएस अहलूवालिया जीते थे। जो इस बार आसनसोल से उम्मीदवार हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
महुआ मोइत्रा बनाम अमृता रॉय: 2024 लोकसभा चुनाव में कई ऐसे नाम हैं, जिनका ताल्लुक राजघरानों से है। इस सूची में एक नाम अमृता रॉय का भी है। कृष्णानगर शाही परिवार की सदस्य अमृता रॉय लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। अमृता को भाजपा ने कृष्णानगर से अपना उम्मीदवार बनाया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुई थीं। शाही उम्मीदवार का सामना तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और माकपा की एसएम सादी से है। अपने भाषणों के लिए सुर्खियों में रहने वाली महुआ पिछले दिनों कैश-फॉर-क्वेरी केस में चर्चा में रही हैं। यहां तक की उनकी संसद सदस्यता तक चली गई थी। आरोपों के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस नेता प्रवर्तन निदेशालय की जांच का सामना कर रही हैं। पिछले चुनाव में कृष्णानगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा को यहां से जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 77.4% लोगों ने वोट किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
पंकजा मुंडे: महाराष्ट्र का बीड लोकसभा क्षेत्र भाजपा के दिग्गज नेता गोपीनाथ मुंडे का गढ़ रहा है। इस चुनाव में गोपीनाथ मुंडे की बड़ी बेटी पंकजा मुंडे मैदान में हैं। अभी इस सीट पर पंकजा की बहन प्रीतम मुंडे मौजूदा सांसद हैं। 2024 के चुनाव में उनके सामने बजरंग सोनवाने एनसीपी (शरद गुट) के प्रत्याशी हैं। 2019 में बीड सीट पर भाजपा की प्रीतम मुंडे को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 83.6% मतदान हुआ था।
रावसाहेब दादाराव दानवे: चौथे चरण में जो मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं उनमें रावसाहेब दादाराव दानवे भी शामिल हैं। केंद्रीय रेलवे, कोयला और खान राज्य मंत्री दानवे महाराष्ट्र की जालना सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। उनके सामने कल्याण काले कांग्रेस का चेहरा हैं। 2019 में जालना सीट पर भाजपा के रावसाहेब दादाराव दानवे ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में यहां 69.3% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
जी. किशन रेड्डी: तेलंगाना की चर्चित सीट सिकंदराबाद से जी. किशन रेड्डी चुनाव लड़ रहे हैं। रेड्डी केंद्र सरकार में संस्कृति, पर्यटन और विकास मंत्री के साथ-साथ तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस चुनाव में जी. किशन रेड्डी के सामने कांग्रेस से दानम नागेंद्र और बीआरएस से टी. पद्म राव हैं। 2019 में सिकंदराबाद सीट पर भाजपा के जी. किशन रेड्डी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 48.9% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
बंडी संजय कुमार: तेलंगाना की करीमनगर सीट भी इस चुनाव में चर्चा में है। यहां तेलंगाना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार पार्टी के उम्मीदवार हैं। उनके सामने कांग्रेस से राजेंद्र राव वेलचाला और बीआरएस से विनोद कुमार बोइयानापल्ली प्रत्याशी हैं। पिछले चुनाव में करीमनगर सीट पर भाजपा की बंडी संजय कुमार को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 83.6% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
वाईएस शर्मिला: इस लोकसभा चुनाव कई सीटों पर परिवार के सदस्य ही आमने-सामने हैं। आंध्र प्रदेश की कडप्पा लोकसभा सीट पर भी परिवार वालों के बीच सियासी भिड़ंत है। कांग्रेस ने वाईएस शर्मिला को अपने पारिवारिक गढ़ कडप्पा सीट से उम्मीदवार बनाया है। शर्मिला आंध्र प्रदेश कांग्रेस इकाई की प्रमुख हैं। वह कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। इस चुनाव में शर्मिला का मुकाबला चचेरे भाई वाईएस अविनाश रेड्डी से है। अविनाश रेड्डी को वाईएसआर कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। वहीं एनडीए गठबंधन से टीडीपी के चदीपिरल्ला भूपेश सुब्बारामी रेड्डी उम्मीदवार हैं। 2019 में कडप्पा सीट पर अविनाश रेड्डी को जीत मिली थी। वाईएसआर की तरफ से उतरे अविनाश ने टीडीपी के आदि नारायणा रेड्डी को शिकस्त दी थी। उस चुनाव में यहां 93.7% वोटिंग दर्ज की गई थी।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो :
AMAR UJALA
किरण कुमार रेड्डी: अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे एन किरण कुमार रेड्डी की किस्मत भी इस चुनाव में दांव पर है। राजमपेट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में वह लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 में हारने के बाद किरण कुमार राजनीति से दूर हो गए। हालांकि, अचानक वह भाजपा में आए और अब राजमपेट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। किरण कुमार के सामने पुंगनूर से विधायक पेद्दीरेड्डी रामचंद्र रेड्डी के बेटे पीवी मिधुन रेड्डी वाईएसआर कांग्रेस उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस ने शेख बशीद को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर 2019 में वाईएसआर कांग्रेस के मिधुन रेड्डी ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में यहां 88.6% वोटिंग हुई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।