नीट पीजी काउंसलिंग 2026: तीसरे दौर के लिए पंजीकरण शुरू, एक दिसंबर तक मौका, कब जारी होगा सीट आवंटन परिणाम?
एमसीसी ने नीट पीजी काउंसलिंग 2026 के तीसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। अभ्यर्थी 1 दिसंबर तक आवेदन और शुल्क जमा कर सकते हैं। सीट आवंटन परिणाम 4 दिसंबर को आएगा।
विस्तार
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (NEET PG) काउंसलिंग 2026 के तीसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। एमडी और एमएस सहित स्नातकोत्तर मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश चाहने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तीसरे राउंड की अखिल भारतीय कोटा (AIQ) काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को 1 दिसंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन और शुल्क भुगतान पूरा करना होगा। एमसीसी ने राउंड-1 और राउंड-2 में आवंटित सीट रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए इस्तीफा देने की सुविधा 27 नवंबर 2026 शाम 7 बजे तक बढ़ा दी है।
नीट पीजी राउंड-3 का शेड्यूल
एमसीसी के कार्यक्रम के अनुसार, चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगी। सीट आवंटन का परिणाम 4 दिसंबर को घोषित किया जाना है। सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 5 से 12 दिसंबर के बीच आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
| प्रक्रिया | तारीख |
|---|---|
| रजिस्ट्रेशन और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि | 1 दिसंबर 2026 |
| चॉइस फिलिंग और लॉकिंग | 27 नवंबर से 2 दिसंबर |
| सीट आवंटन परिणाम | 4 दिसंबर |
| आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग | 5 से 12 दिसंबर |
नीट पीजी काउंसलिंग राउंड-3 के लिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन और शुल्क भुगतान पूरा करना होगा, तभी वे काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थी आवेदन करने के लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं:
- एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाएं।
- ‘PG Medical Counselling 2026’ सेक्शन खोलें।
- ‘New Registration’ लिंक पर क्लिक करें।
- NEET PG 2026 रोल नंबर, आवेदन संख्या और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करें।
- व्यक्तिगत जानकारी की जांच करें और लॉगिन क्रेडेंशियल बनाएं।
- शैक्षणिक योग्यता और इंटर्नशिप से जुड़ी जानकारी भरें।
- काउंसलिंग कोटा चुनें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन की जांच करके उसे सबमिट करें।
- निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क और सिक्योरिटी डिपॉजिट का भुगतान करें।
- कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।

कमेंट
कमेंट X