CBSE CTET 2023: जानिए कब आएगी आंसर-की और रिजल्ट, 29 लाख से ज्यादा लोग कर रहे बेसब्री से इंतजार
CBSE CTET 2023: इस बार शिक्षक पात्रता परीक्षा में 29 लाख से भी अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। अब सभी को बस आंसर-की और रिजल्ट का इंतजार है। खबर में जानिए कि आंसर-की कब आ रही है।
विस्तार
CBSE CTET 2023 Answer Key: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) इस सप्ताह केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET 2023) जुलाई की उत्तर कुंजी जारी कर सकता है। पिछले रुझानों के अनुसार, CBSE CTET Answer Key 2023 परीक्षा की तारीख के एक सप्ताह बाद जारी की जाएगी। CTET जुलाई 2023 परीक्षा 20 अगस्त को आयोजित की गई थी।
परीक्षा में शामिल हुए थे कुल 29,03,903 उम्मीदवार
बोर्ड ने पेपर 1 और 2 के लिए दो पालियों में परीक्षा आयोजित की थी। CTET पेपर 1 उन लोगों के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने के लिए CTET में आवेदन किया था, और पेपर 2 कक्षा 6 से 8 को पढ़ाने की पात्रता के लिए शाम की पाली में आयोजित किया गया था। सीटीईटी परीक्षा 2023 में कुल 29,03,903 उम्मीदवारों ने भाग लिया, जिनमें से 15,01,719 उम्मीदवार पेपर 1 के लिए उपस्थित हुए और 14,02,184 उम्मीदवार पेपर 2 के लिए उपस्थित हुए।
इस हफ्ते आ सकती है आंसर-की
पिछले रुझानों के अनुसार, CTET की प्रोविजनल आंसर-की परीक्षा तिथि के 7 दिन बाद जारी की गई थी। इसलिए, उम्मीद है कि इस सप्ताह आधिकारिक वेबसाइट - ctet.nic.in पर आंसर-की उपलब्ध करा दी जाएगी। उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न 1,000 रुपये का भुगतान करके उत्तर कुंजी को चुनौती देने का अवसर दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा सीटीईटी उत्तर कुंजी के खिलाफ उठाई गई आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी।
पिछले सत्र में उत्तीर्ण हुए थे 9.5 लाख उम्मीदवार
सीटीईटी दिसंबर 2022 के परिणाम 3 मार्च को घोषित किए गए थे और उत्तर कुंजी चुनौती विंडो 17 फरवरी को बंद कर दी गई थी। पिछले सत्र में पेपर 1 के लिए 14,22,959 उम्मीदवार और पेपर 2 के लिए 12,76,071 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे। सीटीईटी परिणामों के अनुसार, दिसंबर 2022 सत्र में 9.5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पेपर 1, 2 उत्तीर्ण किया था।
कमेंट
कमेंट X