Kerala: केरल सरकार का बड़ा फैसला, भूस्खलन पीड़ित बच्चों को मिलेगी 10 लाख की शैक्षिक सहायता
Kerala: केरल सरकार ने वायनाड के मेप्पाडी गांव में भूस्खलन के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए 10 लाख रुपये की शैक्षिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें यह सहायता मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से प्रदान करने की बात कही गई है।
विस्तार
Kerala Govt: केरल सरकार ने जुलाई 2024 में वायनाड के मेप्पाडी गांव में हुए भूस्खलन में अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, मेप्पाडी ग्राम पंचायत में अपने दोनों माता-पिता को खोने वाले 7 बच्चों और अपने माता-पिता में से किसी एक को खोने वाले 14 बच्चों को प्रत्येक 10 लाख रुपये की सहायता राशि उनकी शिक्षा के लिए प्रदान की जाएगी।
भूस्खलन पीड़ित बच्चों को आर्थिक सहायता
बयान में कहा गया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
यह सहायता मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (CMDRF) से इस शर्त पर प्रदान की जाएगी कि 18 वर्ष की आयु तक राशि नहीं निकाली जा सकेगी। सीएमओ ने कहा कि यह महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पहले दी गई वित्तीय सहायता के अतिरिक्त है।
इसमें कहा गया है कि वायनाड कलेक्टर को जिला प्रशासन के खाते में राशि जमा करने और संबंधित बच्चों के अभिभावकों को मासिक ब्याज का भुगतान करने का काम सौंपा गया है।
भूस्खलन पीड़ितों के पुनर्वास के लिए टाउनशिप निर्माण
सरकार ने वायनाड के मुंदक्कई और चूरलमाला में भूस्खलन आपदा के बचे लोगों के पुनर्वास के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा देने का भी निर्णय लिया।
भूस्खलन से बचे लोगों के पुनर्वास के लिए कलपेट्टा के व्यथिरी तालुक में एक टाउनशिप के निर्माण के लिए एल्स्टन एस्टेट में कुल 64.4075 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
इसमें कहा गया है कि अधिग्रहित भूमि के लिए संपदा प्रबंधन को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (CMDRF) से 26.56 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
सरकार ने प्रस्तावित टाउनशिप परियोजना के क्रियान्वयन के लिए नए पद भी आवंटित किए हैं। बयान में कहा गया है कि वायनाड टाउनशिप परियोजना के विशेष अधिकारी को नए कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए अधिकृत किया जाएगा।
कमेंट
कमेंट X