JNU: ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द, फिर भी नहीं रुकी उमर खालिद की किताब पर चर्चा; कहां जुटे छात्र-शिक्षक?
JNU Book Discussion: जेएनयू छात्रसंघ ने पूर्व छात्र उमर खालिद की किताब पर चर्चा आयोजित की। मूल सभागार की बुकिंग रद्द होने के बाद कार्यक्रम तय समय पर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज-II भवन के बाहर हुआ, जिसमें कई छात्र और शिक्षक शामिल हुए।
विस्तार
JNU Book Discussion: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में पूर्व छात्र और कार्यकर्ता उमर खालिद की किताब 'फ्रैक्चर्ड कम्युनिटीज: आदिवासी इतिहास और सत्ता की राजनीति' पर सोमवार को चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के लिए तय एसएसएस-1 ऑडिटोरियम की बुकिंग विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से रद्द किए जाने के बावजूद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNUSU) ने चर्चा को तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाया।
ऑडिटोरियम की जगह एसएसएस-2 के बाहर हुई चर्चा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जिस एसएसएस-1 ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द की थी, वहां कार्यक्रम नहीं हुआ। इसके बाद चर्चा के लिए स्थान बदल दिया गया। कार्यक्रम दोपहर करीब 3 बजे निर्धारित समय पर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज-2 (SSS-II) भवन के बाहर शुरू हुआ। इस दौरान कई छात्र और शिक्षक चर्चा में शामिल हुए। JNUSU की ओर से यह कार्यक्रम विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्यों रद्द की थी ऑडिटोरियम की बुकिंग?
जेएनयू प्रशासन ने उमर खालिद की किताब पर होने वाली परिचर्चा के लिए एसएसएस-1 ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द कर दी थी। यह कार्यक्रम 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होना था।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसी आधार पर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के डीन ने ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द करने का फैसला लिया था। हालांकि, जेएनयू प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया था कि कार्यक्रम से जुड़ी कौन-सी जानकारी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया था कि विश्वविद्यालय एक लोकतांत्रिक और विकेंद्रीकृत संस्थान है तथा कार्यक्रमों की अनुमति देने और उन्हें रद्द करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत होती है।
कमेंट
कमेंट X