CA Exam Thrice a Year: साल में तीन बार होगी सीए फाइनल परीक्षा; जनवरी, मई और सितंबर में होगा आयोजन
ICAI CA Final Exam: आईसीएआई ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए सीए फाइनल परीक्षा साल में तीन बार आयोजित करने की घोषणा की है। ये परीक्षाएं जनवरी, मई और सितंबर में होंगी।
विस्तार
ICAI CA Final Exam Thrice A Year: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने साल में तीन बार सीए फाइनल परीक्षा आयोजित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पहले यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती थी। संस्थान ने कहा कि अब तीनों स्तरों- सीए फाइनल, इंटरमीडिएट और फाउंडेशन में हर साल बराबर संख्या में प्रयास होंगे।
जनवरी, मई और सितंबर में होगी परीक्षा
पिछले साल आईसीएआई ने इंटरमीडिएट और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षाएं साल में तीन बार आयोजित करने का फैसला किया था और अब सीए फाइनल परीक्षाएं भी उसी शेड्यूल के अनुसार होंगी। ये परीक्षाएं जनवरी, मई और सितंबर में होंगी।
आईसीएआई ने एक बयान में कहा, "वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ तालमेल बिठाने और छात्रों को अधिक अवसर प्रदान करने के लिए, आईसीएआई की 26वीं परिषद ने सीए फाइनल परीक्षा को साल में तीन बार आयोजित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती थी।"
पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स में भी किया बदलाव
आईसीएआई ने कहा कि सूचना प्रणाली लेखा परीक्षा में पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स में भी बदलाव किया जाएगा। इस कोर्स के लिए मूल्यांकन परीक्षा पहले साल में दो बार जून और दिसंबर में आयोजित की जाती थी, अब यह साल में तीन बार - फरवरी, जून और अक्तूबर में आयोजित की जाएगी, जिससे सदस्यों के लिए पहुंच और सुविधा और बढ़ जाएगी।
कमेंट
कमेंट X