जरूरी सूचना: IBPS ने दी पीओ भर्ती परीक्षा केंद्र में परिवर्तन करने की अनुमति, ये उम्मीदवार कर सकते हैं बदलाव
जरूरी सूचना: IBPS ने दी पीओ भर्ती परीक्षा केंद्र में परिवर्तन करने की अनुमति, ये उम्मीदवार कर सकते हैं बदलाव
विस्तार
IBPS PO 2023: इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन ने शनिवार को एक अहम जानकारी देते हुए कहा कि जिन उम्मीदवारों ने प्रोबेशनरी ऑफिसर भर्ती परीक्षा (IBOS PO 2023) के लिए इम्फाल, मणिपुर को केंद्र के रूप में चुना था, वे अगर इसे बदलना चाहें तो बदल सकते हैं। IBPS ने इम्फाल (मणिपुर) को केन्द्र चुनने वाले उम्मीदवारों को इसमें बदलाव करने की अनुमति दी है। इस विषय पर संस्थान ने एक अधिसूचना भी जारी की है।
इसलिए लिया गया यह निर्णय
संस्थान ने एक हालिया अधिसूचना के माध्यम से इस बारे में सूचित कर कहा है कि मणिपुर में फिलहाल हालात सही नहीं हैं, राज्य में स्थिति की सावधानीपूर्वक समीक्षा करने के बाद, यह निर्णय लिया गया है कि प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों की भर्ती के लिए जिन भी उम्मीदवारों ने ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा के लिए इम्फाल (मणिपुर) को केंद्र के रूप में चुना है, उन्हें ‘केंद्र परिवर्तन’ का विकल्प प्रदान किया जाए।
यहां से दें परीक्षा
इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन ने कहा कि इम्फाल को केन्द्र से बदलकर वे सभी उम्मीदवार मेघालय में शिलांग, मिजोरम में आइजवाल, असम में गुवाहाटी और जोरहाट, नागालैंड में कोहिमा, पश्चिम बंगाल में कोलकाता और एनसीआर में फरीदाबाद और गुड़गांव केन्द्रों से परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
21 सितंबर तक करें बदलाव
एग्जाम सेंटर बदलने का लिंक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। उम्मीदवार जाकर अपने परीक्षा केंद्र में बदलाव कर सकते हैं। केन्द्र बदलने के लिए खुली यह विंडो 21 सितंबर को बंद हो जाएगी। आईबीपीएस ने कहा कि पहले उल्लिखित परीक्षा के अन्य सभी नियम और शर्तें अपरिवर्तित हैं।
कमेंट
कमेंट X