BHU: 'यू आर सिलेक्टेड...', व्हाट्सएप पर बीएचयू के नाम से हो रहा फर्जीवाड़ा, संस्थान ने दी सतर्क रहने की हिदायत
BHU Admission Fake Message: व्हाट्सएप पर सीयूईटी यूजी के अभ्यर्थियों और बीएचयू के छात्रों को बीएचयू में दाखिले से संबंधित एक फर्जी मैसेज भेजा जा रहा है। संस्थान ने इस संबंध में नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों को सतर्क किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
BHU Admission Fake WhatsApp Message: "आशा है आप सकुशल होंगे। आपके सीयूईटी यूजी के परिणाम के आधार पर आपको बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम की पढ़ाई के लिए चुना गया है..."। बीएचयू के कई छात्रों और अभ्यर्थियों को यह मैसेज उनके व्हाट्सएप पर मिल चुका है। धोखेबाज व्यक्तियों या समूहों द्वारा अभ्यर्थियों को अपना शिकार बनाने की यह नई तरकीब है।
हालांकि, बीएचयू ने इस संबंध में नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों को आगाह किया है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों और छात्रों को प्रवेश के अवसर देने का दावा करने वाले फर्जी व्हाट्सएप संदेशों के प्रति आगाह किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, ऐसे संदेशों में संदिग्ध ऑनलाइन लिंक और यूआरएल भी शामिल हैं, जिन पर छात्रों से क्लिक करने के लिए कहा जा रहा है।
अभ्यर्थियों को केवल इन दो तरीकों से भेजी जाती है सूचना
बीएचयू ने स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक प्रवेश सूचनाएं केवल दो ईमेल पतों- admission.help@bhu.ac.in और admission@bhu.ac.in के माध्यम से भेजी जाती हैं। विश्वविद्यालय प्रवेश संबंधी कोई भी जानकारी देने के लिए व्हाट्सएप का उपयोग नहीं करता है। अभ्यर्थियों को प्रवेश की स्थिति की जानकारी केवल उनके पंजीकृत ईमेल आईडी और छात्र पोर्टल के माध्यम से ही दी जाती है।
संस्थान ने कहा, "विश्वविद्यालय प्रवेश सूचना या पुष्टि के लिए आधिकारिक तौर पर व्हाट्सएप संदेश नहीं भेजता है। ये सूचनाएं उम्मीदवारों द्वारा अपने-अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दिए गए ईमेल पर भेजी जाती हैं और उनके छात्र पोर्टल पर अपडेट की जाती हैं।"
धोखाधड़ी के लिए विश्वविद्यालय जिम्मेदार नहीं: बीएचयू
विश्वविद्यालय ने आवेदकों और छात्रों से सतर्क रहने और असत्यापित संदेशों का जवाब न देने को कहा है, जो धोखेबाज व्यक्तियों या समूहों द्वारा प्रसारित किए जा रहे हैं। बीएचयू ने छात्रों को प्रवेश संबंधी अपडेट और अलर्ट के लिए नियमित रूप से अपने छात्र पोर्टल और ईमेल चेक करने की भी सलाह दी है।
प्रवेश संबंधी किसी भी जानकारी के लिए, छात्रों को केवल आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट bhu.ac.in पर ही भरोसा करने को कहा गया है। संस्थान ने कहा है कि ऐसी किसी भी धोखाधड़ी के लिए संस्थान जिम्मेदार नहीं होगा।
स्नातक कार्यक्रमों में दाखिला शुरू
विश्वविद्यालय ने स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है । कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2025) उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट - bhu.ac.in या bhucuet.samarth.edu.in के माध्यम से 31 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X