JEE 2021 : जेईई परीक्षाओं के लिए शिक्षा मंत्रालय ने 75 फीसदी अंक की बाध्यता खत्म की
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक वर्ष 2021-22 के लिए जेईई परीक्षा पात्रता में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक की अर्हता से छूट देने का फैसला किया है। पहले उम्मीदवारों को कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत स्कोर करने की आवश्यकता होती थी। इसके बाद ही वे एनआईटी, ट्रिपल आईटी, एसपीए और अन्य केंद्रीय वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) में भाग लेने के पात्र होते थे।
यह भी पढ़ें : JEE Main 2021 : आवेदन की आखिरी तारीख आगे बढ़ी, अब 23 तक कर सकेंगे आवेदन
शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईआईटी जेईई (एडवांस्ड) के लिए किए गए निर्णय और पिछले शैक्षणिक वर्ष के लिए किए गए निर्णय के अनुरूप, कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक पात्रता को समाप्त करने का निर्णय किया गया है। गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने 07 जनवरी, 2021 को IIT में दाखिले के लिए पात्रता मानदंड और JEE Advanced परीक्षा की तारीखों की घोषणा के वक्त यह छूट देने का ऐलान किया था।
यह भी पढ़ें : जेईई, नीट प्रवेश परीक्षा 2021 के पाठ्यक्रम में नहीं होगा कोई बदलाव : शिक्षा मंत्रालय
इसके साथ ही शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने जानकारी दी थी कि केंद्र सरकार ने COVID-19 महामारी के मद्देनजर न्यूनतम 75 प्रतिशत अंकों के मानदंड में छूट देने का फैसला किया है। मंत्री ने कहा कि कक्षा 12वीं की परीक्षा में न्यूनतम 75% कुल अंक लाने के पात्रता मानदंड इस वर्ष लागू नहीं होंगे। जेईई मेन परीक्षा के अंतिम सत्र के परिणाम घोषित होने के बाद ही जेईई एडवांस का आयोजन होगा। गौरतलब है कि जेईई मेन के शीर्ष तकरीबन 2,50,000 क्वालीफाइड छात्र जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) में उपस्थित होने के लिए पात्र होते हैं।
यह भी पढ़ें : केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक ने केंद्रीय विद्यालय के छात्रों से किया संवाद, जेईई-नीट का सिलेबस बताया
जेईई एडवांस्ड 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों यानी आईआईटी में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा है। जो छात्र जेईई एडवांस्ड क्वालीफाई करते हैं, उन्हें उनकी रैंक के आधार पर जोसा काउंसलिंग (JoSAA Counselling) के माध्यम से आईआईटी में प्रवेश दिया जाएगा। पिछले महीने ही शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की थी कि 2021 से जेईई मेन परीक्षा साल में चार बार आयोजित की जाएगी। यह चारों सत्र फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई में आयोजित किए जाएंगे। जेईई मेन परीक्षा का पहला सत्र 23 फरवरी से 26 फरवरी 2021 के बीच आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : सावधान! जेईई मेन 2021 फॉर्म भरते वक्त इस फर्जी वेबसाइट से रहें सतर्क, जरूर पढ़ें ये महत्वपूर्ण सूचना
कमेंट
कमेंट X