DU Admission 2025: डीयू के पीजी और बीटेक प्रोग्राम में आवेदन की तारीख बढ़ी, अब नौ जून तक करें रजिस्ट्रेशन
DU Admission Extended Last Date: दिल्ली विश्वविद्यालय ने पीजी और बीटेक कोर्सेज में एडमिशन के लिए आवेदन की तारीख 9 जून 2025 तक बढ़ा दी है। छात्र अब सीएसएएस पोर्टल के माध्यम से अंतिम मौका पा सकते हैं।
विस्तार
DU Admission Extended Last Date: दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातकोत्तर (पीजी), तीन बीटेक प्रोग्राम में दाखिले के लिए अब 9 जून तक आवेदन कर सकते हैं। डीयू ने छात्रों की सहूलियत के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 जून थी।
आवेदन में सुधार की सुविधा भी मिलेगी
इन प्रोग्राम में आवेदन-पंजीकरण की रेस 16 मई को शुरू हुई थी। अब छात्रों के पास कॉमन सीट एलोकेशन पोर्टल (सीएसएएस) पर आवेदन करने का अंतिम अवसर सोमवार रात 11.59 बजे तक है। इसके बाद इन कोर्सेज के लिए आवेदन नहीं किया जा सकेगा। साथ ही छात्रों को अपने आवेदन में सुधार करने का अवसर भी मिलेगा। छात्र 10 जून सुबह 10 से 12 जून रात 11:59 बजे तक सुधार कर सकते हैं। पंजीकरण करने के लिए आवेदक दाखिला पोर्टल (https://admission.uod.ac.in) के माध्यम से विभिन्न कोर्सेज में आवेदन कर सकते हैं।
13,600 पीजी सीटें और 360 बीटेक सीटें उपलब्ध
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में करीब 82 स्नातकोत्तर प्रोग्राम की 13,600 सीटें व तीन बीटेक प्रोग्राम (तीन बीटेक प्रोग्राम (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) की 360 सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया की शुरूआत 16 मई से हुई थी।
दाखिले कब शुरू होंगे?
जून के तीसरे सप्ताह तक इन प्रोग्राम के दाखिले शुरू होने की उम्मीद है। दाखिले कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के आधार पर ही होंगे। अब तक पांच वर्षीय इंटिग्रेटिड लॉ प्रोग्राम (बीए एलएलबी और बीबीए एलएलबी) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
कमेंट
कमेंट X