CBSE Board 2022: सीबीएसई ने स्कूलों को कक्षा 10वीं, 12वीं के छात्रों की सूची तैयार करने को कहा
सीबीएसई ने स्कूलों से 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सूची (एलओसी) तैयार करने को कहा।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक परीक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 2022 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। आने वाले सत्र के लिए बोर्ड साल में दो बार परीक्षा आयोजित करने जा रहे हैं। सीबीएसई ने स्कूलों से उन विद्यार्थियों की सूची (एलओसी) तैयार करने को कहा है जो 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में शामिल होंगे।
बोर्ड ने स्कूलों कों 9वीं, 11वीं के पंजीकरण की तैयारी करने के दिए निर्देश
सीबीएसई ने एक आधिकारिक अधिसूचना में संबंधित स्कूलों को अगले साल की कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों की एक सूची तैयार करने का निर्देश दिया ताकि निर्धारित कार्यक्रम के भीतर एलओसी जमा करने और छात्रों का पंजीकरण सही ढंग से किया जा सके। सीबीएसई जल्द ही एलओसी सबमिशन के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी लॉन्च करेगा। बोर्ड ने स्कूलों से कक्षा 9वीं और कक्षा 11वीं के पंजीकरण के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा है।
नवंबर-दिसंबर में होगी टर्म 1 की परीक्षा
कोविड -19 महामारी द्वारा लाई गई अनिश्चितताओं को ध्यान में रखते हुए, बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों का मूल्यांकन दो-टर्म परीक्षाओं के साथ-साथ यूनिट टेस्ट और पीरियोडिक टेस्ट में उनके प्रदर्शन के आधार पर करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक टर्म में कुल सिलेबस के 50 प्रतिशत से प्रश्न होंगे, जिसका अर्थ है, पाठ्यक्रम का आधा। प्रथम-टर्म की बोर्ड परीक्षा नवंबर-दिसंबर 2021 के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें 4-8 सप्ताह की विंडो अवधि होगी, जबकि दूसरी अवधि मार्च-अप्रैल 2022 के आसपास आयोजित की जाएगी।
25 अगस्त से होने जा रही हैं परीक्षाएं
इस बीच, सीबीएसई 25 अगस्त से कक्षा 12वीं के लिए ऑफ़लाइन कंपार्टमेंट या सुधार परीक्षा आयोजित करेगा। पहला पेपर 25 अगस्त को अंग्रेजी कोर का होगा। सुधार परीक्षा 15 सितंबर को समाप्त होगी। परीक्षाएं एकल पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। इस साल, सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी थी और छात्रों के मूल्यांकन के लिए वैकल्पिक योजनाओं का उपयोग किया था।
कमेंट
कमेंट X