AI Scholarships: केंद्र सरकार का तोहफा; मीडिया, एंटरटेनमेंट और गेमिंग में एआई सीखने के लिए 15,000 स्कॉलरशिप
Scholarships: केंद्र सरकार ने डिजिटल स्किल्स को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मीडिया, एंटरटेनमेंट और गेमिंग सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सीखने के लिए 15,000 छात्रवृत्तियों की घोषणा की गई है।
विस्तार
Central Government: केंद्र सरकार ने सोमवार को एक बड़ा फैसला लिया है। अब मीडिया, मनोरंजन, गेमिंग और एनिमेशन जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले युवाओं को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की ट्रेनिंग देने के लिए 15,000 स्कॉलरशिप दी जाएंगी। इसका मकसद है कि युवा नई टेक्नोलॉजी सीखकर बेहतर स्किल्स हासिल करें और अच्छे करियर बना सकें।
यह योजना सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा शुरू की गई है, जिसे भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) के साथ मिलकर चलाया जाएगा। इसमें गूगल और यूट्यूब जैसे बड़े पार्टनर भी सहयोग करेंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट बनाने जैसे क्षेत्रों में जरूरी कौशल सिखाना है, जहां AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसका मकसद इस क्षेत्र में स्किल की कमी को दूर करना और ऐसा सक्षम कार्यबल तैयार करना है, जो इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों को आसानी से पूरा कर सके।
एआई ट्रेनिंग से बढ़ेगा स्किल और रोजगार
इस योजना के तहत छात्रवृत्ति पाने वाले युवाओं को खास ट्रेनिंग, जरूरी टूल्स और एक्सपर्ट्स का मार्गदर्शन मिलेगा। इससे वे AI के साथ काम करने का प्रैक्टिकल अनुभव हासिल कर पाएंगे और नई चीजें बनाने में सक्षम बनेंगे।
इसका मुख्य मकसद नए आइडियाज (इनोवेशन) को बढ़ावा देना और इस तेजी से बदलते सेक्टर में युवाओं के लिए रोजगार के मौके बढ़ाना है।
मंत्रालय के अनुसार, यह पहल भारत के तेजी से बढ़ रहे मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर को मजबूत करने का हिस्सा है। इस कार्यक्रम से स्किल्ड प्रोफेशनल्स तैयार होंगे, जिससे डिजिटल इकोनॉमी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कमेंट
कमेंट X