Budget 2024: आम और अंतरिम बजट में क्या है अंतर? परीक्षा में पूछा जा सकता है ये प्रश्न, जानिए जवाब
Budget 2024: आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सरकार के इस कार्यकाल का आखिरी बजट पेश कर रही हैं। ऐसे में आइए अंतरिम और आम बजट के बीच अंतर को समझते हैं। संभव है कि यह सवाल आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछ लिया जाए।
विस्तार
Budget 2024: आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट भाषण दे रही हैं। यह तो आप जानते हैं कि हर वर्ष बजट पेश किया जाता है। कई दिनों से बजट को लेकर चर्चा हो रही है। इस बीच आपने गौर किया होगा कि इस वर्ष के बजट को अंतरिम बजट कहा जा रहा है। क्या आप जानते हैं कि आम बजट और अंतरिम बजट में क्या अंतर होता है? दरअसल, जिस वर्ष लोकसभा चुनाव होता है, उस वर्ष अंतरिम बजट पेश किया जाता है। आइए इनके बीच के अंतर को थोड़ा और समझते हैं।
आम और अंतरिम बजट में अंतर
1. अंतरिम बजट:- उस वर्ष पेश किया जाता है, जिस वर्ष लोकसभा का कार्यकाल खत्म होता है और नई लोकसभा के चुनाव होने होते हैं। ऐसे में अंतरिम बजट यह सुनिश्चित करने के लिए पेश किया जाता है कि वेतन, पेंशन और कल्याण कार्यक्रमों जैसी आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रह सकें।
आम बजट:- हर वर्ष फरवरी में पेश किया जाता है। लोकसभा चुनाव खत्म होने और नई सरकार बनने के बाद आम बजट पेश किया जाता है।
2. अंतरिम बजट:- यह दो महीने के लिए वैध होता है। दो महीने बाद आवश्यकता होने पर बढ़ाया भी जा सकता है।
आम बजट:- यह मुख्यता वित्तीय वर्ष के लिए पेश किया जाता है। भारत में 1 अप्रैल से 31 मार्च को वित्तीय वर्ष कहा जाता है।
3. अंतरिम बजट:- अंतरिम बजट में चल रही योजनाओं के लिए आवश्यक राशि दी जाती है।
आम बजट:- आम बजट में चल रही योजनाओं के लिए आवश्यक राशि भी दी जाती है और नई योजनाएं भी शामिल की जाती हैं।
4. अंतरिम बजट:- अंतरिम बजट में नीतिगत निर्णय नहीं लिए जाते हैं।
आम बजट:- आम बजट में नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं और नई योजना को लागू भी किया जा सकता है।
कमेंट
कमेंट X