AIIMS BSc Nursing: नर्सिंग ऑनर्स दाखिले के राउंड-1 का सीट आवंटन जारी, कितने छात्रों को मिला एम्स दिल्ली?
AIIMS BSc Nursing Round 1 Result 2026: एम्स ने बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग 2026-27 का राउंड 1 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है। उम्मीदवार aiimsexams.ac.in पर अपना रोल नंबर, रैंक, आवंटित संस्थान और सीट कैटेगरी चेक कर सकते हैं। एम्स दिल्ली में 96 छात्रों को सीट मिली है।
विस्तार
AIIMS BSc Nursing Round 1 Result 2026: ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग एडमिशन का राउंड 1 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है। काउंसलिंग में शामिल उम्मीदवार अपना सीट अलॉटमेंट रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर चेक कर सकते हैं।
राउंड 1 में उम्मीदवारों को उनकी मेरिट और काउंसलिंग के दौरान भरी गई पसंद के आधार पर संस्थान और सीट कैटेगरी आवंटित की गई है। रिजल्ट में उम्मीदवार अपना रोल नंबर, ओवरऑल रैंक, कैटेगरी, पीडब्ल्यूबीडी स्टेटस, आवंटित संस्थान और सीट कैटेगरी देख सकते हैं।
96 छात्रों को एम्स दिल्ली में सीट
जारी सीट अलॉटमेंट रिजल्ट के अनुसार, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग में एडमिशन के लिए राउंड 1 में कुल 96 छात्रों को एम्स दिल्ली आवंटित किया गया है। उम्मीदवार रिजल्ट की पीडीएफ में अपना रोल नंबर और आवंटित सीट की जानकारी देख सकते हैं।
11 बजे से 6 अगस्त तक हुई थी च्वॉइस फिलिंग
एम्स बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग काउंसलिंग के राउंड 1 के लिए च्वॉइस फिलिंग की सुविधा 31 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे शुरू हुई थी। उम्मीदवारों को अपनी पसंद दर्ज करने के लिए 6 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक का समय दिया गया था। इसके बाद उम्मीदवारों की मेरिट, कैटेगरी और उपलब्ध सीटों के आधार पर सीट आवंटन किया गया।
राउंड 2 में कौन ले सकेगा हिस्सा?
राउंड 1 में सीट पाने वाले ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने ऑप्शन 2 चुना है और संबंधित शर्तों को पूरा करते हैं, वे राउंड 2 की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा, जिन उम्मीदवारों को राउंड 1 में सीट नहीं मिली, उन्हें भी अगली अलॉटमेंट प्रक्रिया के लिए स्वतः विचार में लिया जाएगा।
हालांकि, जो उम्मीदवार राउंड 1 के लिए पात्र थे, लेकिन उन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं किया या च्वॉइस फिलिंग नहीं की, वे राउंड 2 में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे उम्मीदवारों को ओपन राउंड की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
मेरिट के आधार पर ऐसे हुआ अलॉटमेंट
एम्स के सीट आवंटन नियमों के अनुसार, अनारक्षित और पात्र आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उनकी मेरिट के आधार पर अनारक्षित सीटों या संबंधित संस्थानों के लिए विचार में लिया जा सकता है।
किसी विशेष कैटेगरी की सीट के लिए उपलब्ध उम्मीदवारों में जिसकी मेरिट बेहतर होगी, उसे प्राथमिकता दी जाएगी। राउंड 1 में उम्मीदवार को उसकी रैंक के आधार पर उपलब्ध सबसे ऊंची पसंद का संस्थान या सीट आवंटित की गई।
यदि उम्मीदवार की पसंद का संस्थान या सीट अनारक्षित और आरक्षित दोनों कैटेगरी में उपलब्ध थी और उम्मीदवार उसके लिए पात्र था, तो संबंधित सीट उसे अनारक्षित कैटेगरी में आवंटित की गई। आरक्षित सीट का आवंटन पात्र आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को तभी किया गया, जब उसकी पसंद की सीट उस रैंक पर अनारक्षित कैटेगरी में उपलब्ध नहीं थी।
उम्मीदवारों को सलाह है कि वे राउंड 1 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट में अपना रोल नंबर, रैंक और आवंटित संस्थान की जानकारी ध्यान से जांच लें।
कमेंट
कमेंट X