एआईसीटीई प्रगति स्कॉलरशिप: बीटेक की छात्राओं को 50000 रुपये की मदद, क्या है यह योजना? कब तक भर सकते हैं फॉर्म?
AICTE Pragati Scholarship 2026: एआईसीटीई की प्रगति छात्रवृत्ति योजना के तहत बीटेक और अन्य तकनीकी डिग्री पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाली छात्राओं को हर साल 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद मिलती है। सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 31 अक्तूबर तक किए जा सकते हैं।
विस्तार
AICTE Pragati Scholarship 2026: इंजीनियरिंग के बीटेक पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाली छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति पाने का मौका है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की प्रगति छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर साल 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा जारी रखने में आर्थिक मदद देना है।
सत्र 2026-27 के लिए प्रगति छात्रवृत्ति योजना में आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। छात्राएं इसके लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में पात्र छात्राओं के पास आवेदन करने के लिए अभी समय है।
क्या है एआईसीटीई की प्रगति छात्रवृत्ति योजना?
- एआईसीटीई की प्रगति छात्रवृत्ति योजना तकनीकी शिक्षा हासिल कर रही छात्राओं को आर्थिक सहायता देने वाली योजना है।
- छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत हर साल 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है।
- योजना के तहत मिलने वाली राशि का इस्तेमाल छात्रा अपनी पढ़ाई से जुड़े अलग-अलग खर्चों के लिए कर सकती है।
- एआईसीटीई के योजना दिशानिर्देशों के अनुसार यह राशि एकमुश्त दी जाती है।
- इस राशि का इस्तेमाल कॉलेज की फीस, कंप्यूटर, स्टेशनरी, किताबें, उपकरण और सॉफ्टवेयर आदि की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जा सकता है।
- हालांकि, छात्रवृत्ति के तहत हॉस्टल और मेडिकल खर्च के लिए अलग से राशि नहीं दी जाती है।
बीटेक की पूरी पढ़ाई में कितनी छात्रवृत्ति मिलेगी?
प्रगति छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति की अवधि छात्रा के प्रवेश के तरीके पर निर्भर करती है। अगर कोई छात्रा बीटेक के पहले वर्ष में प्रवेश लेती है तो उसे अधिकतम चार साल तक छात्रवृत्ति मिल सकती है। वहीं, लेटरल एंट्री के जरिए बीटेक के दूसरे वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्रा को अधिकतम तीन साल तक छात्रवृत्ति दी जा सकती है।
इस तरह सामान्य चार वर्षीय बीटेक पाठ्यक्रम में पहले वर्ष से प्रवेश लेने वाली छात्रा को पूरी अवधि में अधिकतम 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति मिल सकती है।
कौन-कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन?
प्रगति छात्रवृत्ति केवल बीटेक तक सीमित नहीं है। बीटेक के अलावा एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त अन्य तकनीकी स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले पात्र उम्मीदवार भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले छात्राओं को योजना की पात्रता और अन्य शर्तों को जरूर देख लेना चाहिए।
क्या हैं पात्रता की शर्तें?
- छात्रा ने बीटेक या किसी अन्य तकनीकी डिग्री पाठ्यक्रम के पहले वर्ष में प्रवेश लिया हो।
- लेटरल एंट्री के जरिए दूसरे वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राएं भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।
- जिस कॉलेज या संस्थान में छात्रा पढ़ रही है, वह संबंधित शैक्षणिक वर्ष में एआईसीटीई से अनुमोदित होना चाहिए।
- छात्रा के परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- एक परिवार से अधिकतम दो लड़कियां इस योजना का लाभ ले सकती हैं।
- छात्रा पहले से केंद्र सरकार, राज्य सरकार या एआईसीटीई की किसी अन्य छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले रही हो।
कैसे होता है छात्रवृत्ति के लिए चयन?
- प्रगति छात्रवृत्ति एक योग्यता आधारित छात्रवृत्ति है। यानी पात्रता पूरी करने वाले सभी उम्मीदवारों को स्वत: छात्रवृत्ति मिलना जरूरी नहीं है।
- एआईसीटीई के योजना दिशानिर्देशों के अनुसार, योग्य उम्मीदवारों का चयन योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है।
- इसके बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती है।
- इसलिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी पात्रता के साथ-साथ योजना में निर्धारित अन्य शर्तों का भी ध्यान रखना चाहिए।
31 अक्तूबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
सत्र 2026-27 के लिए प्रगति छात्रवृत्ति योजना में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर 2026 है। योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं-
| प्रक्रिया | तारीख |
|---|---|
| आवेदन शुरू होने की तारीख | 1 जून 2026 |
| छात्र आवेदन की अंतिम तारीख | 31 अक्तूबर 2026 |
| दोषपूर्ण आवेदन का सत्यापन | 15 नवंबर 2026 |
| संस्थान स्तर पर सत्यापन | 15 नवंबर 2026 |
| डीएनओ/एसएनओ/एमएनओ सत्यापन | 30 नवंबर 2026 |
छात्रवृत्ति की राशि कैसे मिलेगी?
प्रगति छात्रवृत्ति योजना के तहत स्वीकृत राशि छात्रा के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है। इसके लिए उम्मीदवार का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना जरूरी है।
इसलिए आवेदन करने से पहले छात्राओं को यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि उनका बैंक खाता आधार से जुड़ा हुआ है। साथ ही आवेदन करते समय दी जाने वाली जानकारी भी सही होनी चाहिए।
कमेंट
कमेंट X