CM Shri Schools: राजधानी के 75 सरकारी स्कूल सीएम श्री में तब्दील, एसओएसई ई भी अब सीएम श्री स्कूल कहलाएंगे
Delhi Government Schools: राजधानी के 75 सरकारी स्कूलों का नाम अब ‘सीएम श्री’ स्कूल रखा गया है। साथ ही, पूर्ववर्ती सरकार द्वारा शुरू किए गए एसओएसई स्कूल भी अब इसी नाम से जाने जाएंगे।
विस्तार
CM Shri Schools: दिल्ली सरकार के 75 स्कूल सीएम श्री स्कूल में तब्दील कर दिए गए हैं। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने परिवर्तन आदेश जारी कर दिया है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से इन स्कूलों को अब सीएम श्री स्कूल के तौर पर जाना जाएगा।
इसमें पूर्ववर्ती सरकार में शुरू हुए स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस (एसओएसई), झड़ौदा कलां स्थित आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल भी शामिल हैं। निदेशालय ने अलग-अलग इलाकों में स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, सर्वोदय कोएड विद्यालय, गवर्नमेंट सर्वोदय विद्यालय, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सर्वोदय बाल विद्यालय, सर्वोदय कन्या विद्यालय सहित कई दूसरे स्कूलों के नाम में परिवर्तन कर दिया गया है।
आधुनिक सुविधाओं के साथ 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई
झड़ौदा कलां स्थित सीएम श्री स्कूल सामान्य पाली में साइंस स्ट्रीम में कक्षा 6 से 12 तक कोएड संचालित होगा। राजगढ़ कॉलोनी स्थित सीएम श्री स्कूल सामान्य पाली में बॉयज के लिए कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक संचालित होगा। निदेशालय ने आदेश में जिला उप शिक्षा निदेशक और सहायक शिक्षा निदेशक (एस्टेट) को स्कूल फर्नीचर, इलेक्ट्रिसिटी, सैनिटेशन, पानी संबंधी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, सीएम श्री स्कूल दिल्ली सरकार की एक पहल है जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों को उन्नत सुविधाओं के साथ अपग्रेड करना है। दिल्ली में भाजपा की सरकार के गठन के बाद सीएम श्री स्कूल शुरू करने को लेकर घोषणा की गई थी।
यह स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और केंद्र सरकार के पीएम श्री स्कूल मॉडल पर आधारित हैं। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, एआई-संचालित लाइब्रेरी, रोबोटिक्स लैब और सौर ऊर्जा से चलने वाले ग्रीन कैंपस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, सितंबर में 75 सीएम श्री स्कूलों को विशिष्ट श्रेणी संस्थान के रूप में अधिसूचित किया गया था।
कमेंट
कमेंट X