Delhi: स्कूलों ने दाखिला मानक नहीं किए जारी, 28 नवंबर थी अंतिम तारीख, अभिभावक परेशान
आवेदन प्रक्रिया शुरू हुए पांच दिन हो गए हैं, लेकिन स्कूल निदेशालय के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। 1728 निजी स्कूलों में से अब तक केवल 1344 ने ही दाखिला मानक जारी किए हैं।
विस्तार
दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए नर्सरी दाखिला प्रक्रिया में स्कूलों की मनमानी जारी है। शिक्षा निदेशालय के सख्त निर्देशों के बाद भी अब तक 380 स्कूलों ने अपने दाखिला मानक स्कूल की वेबसाइट व निदेशालय की ओर से दिए गए लिंक पर अपलोड नहीं किए हैं। मानक अपलोड नहीं होने से अभिभावकों को इन स्कूलों में दाखिले का आधार पता नहीं चल पा रहा है।
शिक्षा निदेशालय ने दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए स्कूलों को अपने मानक अपलोड करने के लिए 28 नवंबर तक का समय दिया था। आवेदन प्रक्रिया शुरू हुए पांच दिन हो गए हैं, लेकिन स्कूल निदेशालय के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। 1728 निजी स्कूलों में से अब तक केवल 1344 ने ही दाखिला मानक जारी किए हैं। जिन स्कूलों ने मानक जारी नहीं किए हैं, उनमें शहर के कई नामचीन स्कूल भी हैं।
380 स्कूल कर रहे मनमानी
380 स्कूल मनमानी कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल पारदर्शिता नहीं चाहते, इसलिए मानक अपलोड करने में देरी कर रहे हैं। ऐसे स्कूलों के खिलाफ निदेशालय को कार्रवाई करनी चाहिए।
उल्लंघन करने वाले स्कूलों में सबसे अधिक पश्चिमी दिल्ली (बी) इलाके के
दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर मानक अपलोड न करने वाले स्कूलों में सबसे अधिक पश्चिमी दिल्ली (बी) इलाके के हैं, इनकी संख्या 63 है। इस इलाके में 237 निजी स्कूल हैं। दूसरे नंबर पर उत्तर पश्चिमी (बी) का इलाका है। जहां 55 स्कूलों ने मानक अपलोड नहीं किए हैं। एक अभिभावक ने बताया कि उन्हें अपने बेटे का दाखिला पूसा रोड स्थित निजी स्कूल में कराना है, लेकिन उन्हें अब तक नहीं पता चला है कि वहां दाखिले के मानक क्या होंगे। पालम के एक स्कूल में दाखिले के इच्छुक अभिभावक भी परेशान हो रहे हैं। जैसे-जैसे आवेदन करने की तिथि नजदीक आ रही है, अभिभावकों की परेशानी बढ़ रही है।
रचनात्मक लेखनी से ही ‘परीक्षा पे चर्चा’ में ले पाएंगे हिस्सा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं फरवरी के मध्य से शुरू होनी हैं। इससे पहले जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा कर परीक्षा का तनाव दूर करेंगे। अगले माह जनवरी में परीक्षा पे चर्चा का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बच्चों का चयन एक ऑनलाइन रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता (क्रिएटिव राइटिंग) के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में बच्चों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना है। रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से करीब दो हजार बच्चों का चयन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नौवीं कक्षा से बारहवीं तक के छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों के लिए हैं। इस संबंध में सीबीएसई ने स्कूलों को एक सर्कुलर जारी किया है। इसमें स्कूलों को कहा गया है कि वह इस प्रतियोगिता में छात्रों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू हो चुकी है, 30 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा।