{"_id":"6acc08d7a132e583a1038fb3","slug":"protests-continue-amid-crackdown-protestors-spread-on-streets-of-lutyens-delhi-police-kept-running-to-catch-th-2026-10-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"धरपकड़ के बीच प्रदर्शन जारी: लुटियंस दिल्ली की सड़कों पर फैले प्रदर्शनकारी, पकड़ने के लिए दौड़ती रही पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
धरपकड़ के बीच प्रदर्शन जारी: लुटियंस दिल्ली की सड़कों पर फैले प्रदर्शनकारी, पकड़ने के लिए दौड़ती रही पुलिस
Mon, 12 Oct 2026 04:59 AM IST
Digvijay Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली
संवाद न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली
Published by: Digvijay Singh
Updated Mon, 12 Oct 2026 04:59 AM IST
सार
राजधानी की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच दिनभर आंख-मिचौली चलती रही। प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस से जनपथ, आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन से गोल डाकखाना और अशोक रोड तक अलग-अलग जगह गुट में पहुंचकर विरोध जताने की कोशिश करते रहें।
विज्ञापन
जंतर मंतर इलाके में तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजधानी की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच दिनभर आंख-मिचौली चलती रही। प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस से जनपथ, आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन से गोल डाकखाना और अशोक रोड तक अलग-अलग जगह गुट में पहुंचकर विरोध जताने की कोशिश करते रहें। पुलिस उन्हें एक जगह जुटने से रोकने और देखते ही हिरासत में लेने में जुटी रही। कहीं नारेबाजी के बीच धरपकड़ हुई तो कहीं प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को चकमा देकर दूसरी जगह पहुंचने की कोशिश की। इस कार्रवाई के बीच खरीदारी और घूमने निकले लोगों को भी जांच, रोकटोक और सुरक्षा बंदिशों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने रविवार दोपहर 2:30 बजे आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। हालांकि, तय समय से पहले ही कई प्रदर्शनकारी वहां पहुंचने लगे। पुलिस ने हालात को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी और वहां जुट रहे प्रदर्शनकारियों को रोककर हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसी बीच नेहा बोरा पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल गईं और कनॉट प्लेस पहुंच गईं। उनके वहां पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर पुलिस की सख्ती के कारण प्रदर्शनकारियों को एक जगह जुटने का मौका नहीं मिला। समय से पहले ही लोगों के पहुंचने के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी थी।
विज्ञापन
ढूढ़ों, पहचानों और पकड़ो...सुबह 11 बजे कनॉट प्लेस के पालिका बाजार का माहौल शांत था। गाड़ियों की शोर और सुरक्षाकर्मियों की तैयारी के बीच युवा प्रदर्शनकारियों ने अपनी जगह बनानी शुरू की। ये प्रदर्शनकारी तितर-बितर थे, तभी एक 19 वर्षीय छात्रा से मीडिया कर्मी बातचीत करने लगे। इस बातचीत के दौरान कई अन्य मीडियाकर्मी भी इस बातचीत में शामिल हुए।
विज्ञापन
इसी बीच दिल्ली महिला पुलिस की एक टीम ने छात्रा को जबरन उठाया और हिरासत में लेते हुए उसे बैरिकेड के घेरे में खड़ी बस में ठूस दिया। यह घटना सुबह के तकरीबन 11 बजकर 15 पर हुई। इसके बाद इसी जगह सीपीआई के कुछ नेता पहुंच गए, जिसमें केरला के सांसद ए.ए रहीम और सीपीआई की राष्ट्रीय सचिव एनी राजा शामिल थे। इसके बाद मीडिया इन्हें घेर लेती है। इस दौरान सरकार की रणनीतियों पर जमकर सावल उठाए गए। इसी दरमियान पुलिस एनी राजा को हाथ और पैरों के सिरे से पकड़कर हिरासत में ले लेती है, जिसके बाद माहौल काफी गर्म हो जाता है। भीड़ छटने के बाद पुलिस ढूढ़ों, पहचानो और पकड़ो की नीति अपनाती है। प्रदर्शनकारियों को घूमने आए यात्रियों और पर्यटकों की भीड़ से ढूढ़कर हिरासत में लिया जाने लगा। पुलिस चुन-चुनकर प्रदर्शनकारियों को लाती और उन्हें बस में धकेल कर बिठा देती। शाम 4 बजे तक तकरीबन 170 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
झंडे लेकर पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ता
सीजेपी के कार्यकर्ता रविवार दोपहर 1 बजे के पास झंडे लेकर गोल डाकखाना के पास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें देखते ही पकड़ लिया। जंतर-मंतर पर सख्ती के बीच प्रदर्शनकारी आसपास के इलाकों में पहुंचकर विरोध जताने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में गोल डाकखाना के पास भी पुलिस सतर्क रही। कार्यकर्ताओं को पकड़ने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी और बढ़ा दी, ताकि दूसरे प्रदर्शनकारी यहां जुट न सकें। पुलिस की कोशिश थी कि प्रदर्शनकारी एक जगह इकट्ठा होकर नारेबाजी न कर सकें। इसके बाद भी इलाके में पुलिस की चौकसी बनी रही।