{"_id":"6a9ab93ccc44bb33640d2f80","slug":"preparations-for-brics-summit-intensify-round-clock-monitoring-in-delhi-capital-to-be-adorned-with-15-000-flo-2026-09-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारी तेज: दिल्ली में 24 घंटे निगरानी, 15 हजार गमलों से सजेगी राजधानी; बंद रहेगा चिड़ियाघर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारी तेज: दिल्ली में 24 घंटे निगरानी, 15 हजार गमलों से सजेगी राजधानी; बंद रहेगा चिड़ियाघर
Fri, 04 Sep 2026 05:58 PM IST
Digvijay Singh
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: Digvijay Singh
Updated Fri, 04 Sep 2026 05:58 PM IST
सार
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली में व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनडीएमसी ने पूरे तंत्र को 24 घंटे निगरानी मोड में डाल दिया है। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।
विज्ञापन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन
- फोटो : फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली में व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनडीएमसी ने पूरे तंत्र को 24 घंटे निगरानी मोड में डाल दिया है। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। रात में भी एनडीएमसी के प्रमुख विभागों का एक-एक नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगा। समस्या सामने आते ही संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
विज्ञापन
दिन में सिविल, हॉर्टिकल्चर, पब्लिक हेल्थ, एन्फोर्समेंट, इलेक्ट्रिकल, ट्रांसपोर्ट, फायर और सिक्योरिटी विभाग अपने-अपने क्षेत्र की निगरानी करेंगे। दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय की जिम्मेदारी मुख्य सुरक्षा अधिकारी को दी गई है। सीपीडब्ल्यूडी और अन्य एजेंसियों के नोडल अधिकारी भी लगातार संपर्क में रहेंगे। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों के साथ उनके निस्तारण का भी रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारियों को लॉगबुक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे शिकायत मिलने से कार्रवाई तक का समय भी दर्ज होगा।
विज्ञापन
15 हजार गमले लगाए जा रहे, 17 गोलचक्कर और 41 सड़कें सजेंगी
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए नई दिल्ली को चमकाने-संवारने का काम भी तेज कर दिया गया है। एनडीएमसी क्षेत्र में 17 प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी रोशनी लगाई जा रही है। पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण, मान सिंह और प्रधानमंत्री गोलचक्कर समेत प्रमुख स्थानों को रोशन किया जाएगा। 11 बड़े होटलों और 10 एनडीएमसी भवनों पर भी सजावटी रोशनी होगी। यह काम नौ सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। राजधानी के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर एनडीएमसी की नर्सरियों में तैयार 15 हजार से अधिक गमले लगाए जा रहे हैं। 15 स्थानों पर फूलों से सजे बोर्ड और नौ जगह फूलों के फव्वारे लगाए जाएंगे।
विज्ञापन
सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए 309 स्थानों को सजाया गया
सम्मेलन मार्गों से जुड़ी 41 प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इनमें 32 सड़कों पर रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है। रात में सात मशीनों से यांत्रिक सफाई और 10 दबावयुक्त जल मशीनों से सड़कों की धुलाई होगी। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर नालों की गाद निकासी पूरी कर ली गई है और संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए 309 स्थानों को सजाया गया है। इनमें 154 डिजिटल स्क्रीन, 83 प्रचार पट्ट और 72 बस प्रतीक्षालय शामिल हैं।
चिड़ियाघर तीन दिन रहेगा बंद
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते राष्ट्रीय प्राणी उद्यान 11 से 13 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने तीन सितंबर को जारी आदेश में टिकट बुकिंग भी इन तारीखों के लिए बंद रखने को कहा है। हालांकि पशुओं की देखभाल और प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। 14 सितंबर से चिड़ियाघर फिर खोले जाने की उम्मीद है।