Independence Day: कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम धमाके की झूठी सूचना देने वाला गिरफ्तार, शराब पीने का है आदी
कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम धमाके किए जाने की झूठी सूचना देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूचना देने वाले के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर पुलिस उस तक पहुंची। आरोपी कश्मीरी गेट स्थित स्पेयर पार्ट्स की दुकान में काम करता है। साथ ही शराब पीने का आदी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस से पहले लोगों में भय पैदा करने के लिए कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम धमाके किए जाने की झूठी सूचना देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह नशे में था और लोगों में भय पैदा करने के लिए फोन किया था। पुलिस ने फोन नंबर की तकनीकी जांच कर आरोपी तक पहुंची। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव ईसापुर देहवा, जौनपुर यूपी निवासी राहुल गुप्ता (26) के रूप में हुई है। वह कश्मीरी गेट स्थित स्पेयर पार्ट्स की दुकान में काम करता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात करीब 8.22 बजे कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के सीआईएसएफ कंट्रोल रूम में कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बम होने की सूचना दी गई। बताया गया कि मोबाइल फोन में बम है और कुछ देर में उसमें धमाका होगा। सूचना मिलते ही मेट्रो पुलिस और सीआईएसएफ की टीम ने तुरंत कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के चप्पे चप्पे की तलाशी शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद मेट्रो स्टेशन पर कोई विस्फोटक नहीं मिला। बाद में सूचना को फर्जी करार दिया गया।
झूठी सूचना देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत एसीपी कैलाश चंद के देखरेख में एक टीम गठित की। टीम ने आरोपी के नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद था। लेकिन तकनीकी निगरानी और आरोपी व्यक्ति के फोन नंबर का विश्लेषण करने से उसकी पहचान हो गई। पुलिस ने उस नंबर पर लगातार फोन किया। कुछ देर बाद आरोपी ने फोन उठाया। उसने अपना नाम राहुल गुप्ता बताया। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उसके पते पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
#WATCH | Delhi: "Yesterday, at 8:22 pm, at Kashmiri Gate Metro Police Station, we got the information from CISF control room that some caller informed that a bomb has been planted at Kashmiri Gate metro station and it could blast anytime...After receiving this call yesterday, our… pic.twitter.com/UHHphVgavx
— ANI (@ANI) August 14, 2023
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लोगों में भय पैदा करने के लिए उसने बम धमाका किए जाने की झूठी कॉल की थी। उसने बताया कि फोन करने के दौरान वह शराब के नशे में था। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपी शराब पीने का आदी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फोन बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।