परेड में शामिल होंगे 50 हजार से भी अधिक ट्रैक्टर, अब तक पहुंच चुके हैं दो लाख से अधिक वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में दिल्ली की अलग अलग सीमाओं से 50 हजार से अधिक ट्रैक्टरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सिंघु, टीकरी सीमाओं से 25 से 30 किलोमीटर से अधिक दूरी तक भी ट्रैक्टर, कार, जीप और बाइक की लाइन लगी हुई है। उधर, पुलिस ने भी गणतंत्र दिवस पर वाहनों को आउटर रिंग रोड पर प्रवेश करने से रोकने के लिए गेट बना दिए हैं। तीनों सीमाओं से परेड में रवाना होने वाले वाहन आउटर रिंग रोड से चंद मीटर पहले ही दोबारा उसी रोड वापस लौटेंगे।
किसान गणतंत्र परेड की तैयारियों के तहत सभी रूट पर वॉलेंटियर की तैनाती की जा रही है तो रास्ते में किसी भी तरह की रुकावट होने पर उनकी मदद की जा सके। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से पहले ही परेड के दौरान एहतियात बरतने की हिदायतें जारी की जा चुकी हैं।
सोमवार को पूरे दिन सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टरों को तैयार करने के बाद इसमें रिहर्सल का भी सिलसिला चलता रहा। युवाओं और महिलाओं सहित सभी समर्थकों में परेड की तैयारियों के लिए खासा उत्साह देखने को मिला।
ट्रैक्टरों में सजावट, हो रहे हैं रजिस्ट्रेशन भी
ट्रैक्टरों को सजाने के साथ साथ किसानों और आंदोलन से जुड़ी झांकियों को भी ट्रॉलियों में लगाया जा रहा है ताकि परेड के दौरान इन्हें प्रदर्शित किया जा सके। परेड में शामिल होने वाले ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है ताकि उनकी पहचान आसानी से की जा सके।
तीनों रूटों पर होगा परेड
. सिंघु बॉर्डर से करीब एसजीटी नगर, डीटीयू शाहबाद, शाहबाद डेयरी, बरवाला, पूठ खुर्द, बवाना टी प्वाइंट, कंझावला, कुतुबगढ़, औचंदी बॉर्डर, खरखौदा टोल प्लाजा, केएमपी-जीटी रोड जंक्शन से सिंघु बॉर्डर के लिए वाहन पहुंचेंगे।
. टीकरी बॉर्डर, नांगलोई, बपरोला गांव, नजफगढ़, झाड़ौदा बॉर्डर, रोहतक बाइपास, असौदा टोल प्लाजा, टीकरी बॉर्डर
. गाजीपुर बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर, हापुड़ रोड, लाल कुआं, गाजीपुर बॉर्डर
हालांकि मेवात, शाहजहांपुर और चिल्ला बॉर्डर के लिए भी रूट मैप जारी किए गए हैं।
तमिलनाडु के 200 किसान पहुंचे गाजीपुर...
किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को गाजीपुर बार्डर से निकाले जाने वाले ट्रैक्टर मार्च के रूट को लेकर अभी भी असंजस की स्थिति बनी हुई है। किसान दावा कर रहे हैं कि वह गाजीपुर से अक्षरधाम मंदिर फ्लाईओवर तक दिल्ली में आएंगे। इसके बाद यहां से यू-टर्न लेने के बाद वह आनंद विहार, अप्सरा बार्डर, साहिबाबाद, मोहन नगर, होते हुए दुहाई से वापस यू-टर्न लेकर गाजियाबाद पहुंचेंगे। उनका यह रूट आने-जाने का करीब 46 किलोमीटर लंबा होगा।
लेकिन पुलिस सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस गाजीपुर बॉर्डर से ही किसानों को सीधे आनंद विहार होते हुए अप्सरा बॉर्डर भेजने का प्रयास करेगी। हालांकि भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रवक्ता राकेश टिकैत कहा कि वह अक्षरधाम मंदिर तक जरूर जाएंगे। देर शाम तक किसानों के मार्च के रूट को लेकर असंजस की स्थिति बनी रही।
तमिलनाडु के 200 किसान पहुंचे गाजीपुर
गाजीपुर बॉर्डर पर गणतंत्र दिवस से पूर्व सोमवार को तमिलनाडु के किसानों का एक जत्था किसानों के बीच पहुंचा। करीब 200 किसानों ने यहां पहुंचकर कहा कि वह आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन करने पहुंचे। मंच से तमिल में ही बोलते हुए नेता ने कहा कि सरकार देशभर के किसानों को खत्मकर उनकी जमीनों को उद्योगपतियों को देने की तैयारी कर रही है। उद्योगपति सिर्फ किसानों का शोषण करेंगे। देश का किसान कभी भी ऐसा नहीं होने देगा। तमिल में बोल रहे किसान नेता के भाषण को एक महिला अंग्रेजी में अनुवाद कर रही थी।