दिल्ली : एनसीआर में आवाजाही और आसान करेगी मेट्रो, आरके आश्रम इंटरचेंज का डिजाइन जारी
आरके आश्रम पर मेजेंटा की दोबारा होगी ब्लू लाइन से मुलाकात, डीएमआरसी ने इंटरचेंज का जारी किया डिजाइन।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली मेट्रो एनसीआर में यात्रियों की राह और आसान करने जा रही है। बॉटेनिकल गॉर्डन से जनकपुरी को जोड़ने वाली मेजेंटा लाइन अपने विस्तार के क्रम में द्वारका सेक्टर-21 से वैशाली/ नोएडा सिटी सेंटर को जोड़ने वाली ब्लू लाइन से जुड़ जाएगी। आरके आश्रम पर यह दूसरी बार होगा, जब मेजेंटा की ब्लू लाइन से मुलाकात होगी। इससे पहले अभी तक जनकपुरी वेस्ट व बॉटेनिकल गॉर्डन में दोनों लाइनें एक-दूसरे से मिल रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने फेज-4 में बनने वाले आरके आश्रम इंटरचेंज का शनिवार को डिजाइन भी जारी कर दिया है। दिलचस्प यह कि मेजेंटा की लाइन मेट्रो नेटवर्क की चार अन्य लाइनों से जुड़ेगी और छह इंटरचेंज भी बनाएगी।
दिल्ली मेट्रो की पहली रिंग बना रही पिंक लाइन के बाद मेजेंटा दूसरी लाइन होगी, जिसका मेट्रो नेटवर्क की सभी बड़ी लाइनों पर इंटरचेंज होगा। इससे दिल्ली-एनसीआर के एक सिरे से दूसरे सिरे तक पहुंचना आसान होगा। मेट्रो फेज-4 पूरा होने के बाद नोएडा के बॉटेनिकल गॉर्डन व गाजियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन से मेट्रो की सवारी करके दिल्ली के उत्तरी छोर पर नरेला व भलस्वा तक पहुंचा जा सकेगा। वहीं, बहादुरगढ़ बॉर्डर भी आसानी से पहुंचना संभव होगा। यही सहूलियत फरीदाबाद व गुरुग्राम तक के मुसाफिरों को होगी। दिलचस्प यह कि 2025 तक रैपिड रेल का दिल्ली-मेरठ तक का पूरा कॅारिडोर चालू होने के बाद यह सहूलियत मेरठ तक के यात्रियों को भी मिलेगी। सड़कों पर भारी यातायात के बीच चलने की मजबूरी नहीं रहेगी। इंटरचेंज से मेट्रो बदलकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
डीएमआरसी के मुताबिक, मेजेंटा लाइन का विस्तार मेट्रो फेज-चार में होना है। मेजेंटा लाइन के पहुंच जाने के बाद आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन इंटरचेंज में तब्दील जाएगा। नया भूमिगत स्टेशन का निर्माण मौजूदा एलिवेटेड स्टेशन के पास करीब 17 मीटर की गहराई पर किया जाएगा। वहीं, करीब 225 मीटर लंबा रास्ता, दो लाइनों के मेट्रो स्टेशनों को जोड़ेगा। इस क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर सहित दूसरी कई जरूरी सुविधाएं होंगी। नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस के बाद मध्य दिल्ली क्षेत्र में दिल्ली मेट्रो का यह पांचवां इंटरचेंज स्टेशन होगा। इससे मेट्रो के यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि मेजेंटा लाइन का काम शुरू कर दिया गया है, उम्मीद है 2025 तक काम पूरा हो जाएगा।
लोगों को सहूलियत पर काम चुनौतीपूर्ण
मेजेंटा लाइन के विस्तार के बीच का इलाका सघन बसावट वाला है। पहाड़गंज, नबी करीम, सदर बाजार, घंटाघर, पुल बंगश सहित आसपास के कई क्षेत्रों के अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। हालांकि, सघन आबादी के बीच काम करना मेट्रो के लिए चुनौतीपूर्ण भी है। इसे स्वीकार करते हुए भी दिल्ली मेट्रो का कहना है कि मेट्रो को इस तरह के काम में महारत हासिल है। डीएमआरसी के तकनीकी विशेषज्ञ अपने अनुभव और नई तकनीक का उपयोग करेंगे। पुरानी दिल्ली के भूमिगत निर्माण की राह में चुनौतियों को पार करते हुए निर्मित होने वाले इस कॉरिडोर से उत्तरी, पश्चिमी, मध्य दिल्ली सहित नोएडा तक सीधी पहुंच होगी।
लंबाई 29.26 किमी बनेंगे 25 मेट्रो स्टेशन और 6 इंटरचेंज
जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर 29.26 किमी लंबा होगा। इस बीच यह मेट्रो नेटवर्क की ग्रीन, रेड, पिंक व येलो को पार करेगी और छह इंटरचेंज बनाएगी। विस्तार में करीब 25 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, यह लाइन छह इंटरचेंज भी बनाएगी। इस बीच इसका दो बार रेड व येलो लाइन से मिलन भी होगा। विस्तार के इस चरण में मेजेंटा लाइन जनकपुरी वेस्ट से शुरू हो होकर ग्रीन लाइन के पीरागढ़ी मेट्रो स्टेेेेशन पर इंटरचेंज बनाएगी। आगे पीतमपुरा में यह रेड लाइन और हैदरपुर बादली मोड़ में येलो लाइन से मिलेगी। इसके बाद आजादपुर में इसकी येलो व पिंक लाइन से मुलाकात होगी। फिर, इसका विस्तार पुल बंगश में रेड लाइन व आरके आश्रम मार्ग पर ब्लू लाइन तक पहुंचेगा।