जान पर भारी पड़ी दोस्ती: लड़की के कजिन ने दोस्तों संग कर दी हत्या, अधमरा कर छोड़ भागे; चारों आरोपी दबोचे
दिल्ली के शाहदरा जिला के गीता कालोनी में पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया है। मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महज लड़की से दोस्ती की वजह से गीता कॉलोनी में एक युवक का कत्ल कर दिया गया। आरोपी युवक को जब तक मारते रहे तब तक वह अधमरा नहीं हो गया। बाद में सभी आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में पुलिस ने युवक को स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की शिनाख्त रहबर (23) के रूप में हुई। पुलिस ने हत्याकांड से 24 घंटे में पर्दा उठाकर मुख्य आरोपी समेत चार को दबोच लिया है। इनकी पहचान यश (24), राहुल तिवारी (23) सोनू उर्फ पंकज (22) और चंदू उर्फ चंदर प्रकाश (24) के रूप में हुई है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि मुख्य आरोपी यश के एक दोस्त रहीस से रहबर के लेनदेन का भी कुछ विवाद था। इसको लेकर डेढ़ माह पूर्व इन लोगों का रहबर से झगड़ा हुआ था। बाद में जब यश को पता चला कि रहबर की दोस्ती उसकी रिश्ते की बहन से है तो उसने पीट-पीटकर उसे मार डाला।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि शुक्रवार देर रात को गीता कॉलोनी स्थित न्यू लाहौर, मूलचंद डिस्पेंसरी के पास एक युवक पर हमले की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। काफी प्रयासों के बाद मृतक की पहचान रशीद मार्केट, जगतपुरी निवासी रहबर के रूप में हुई।
पुलिस ने छानबीन के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि रहबर की यश और राहुल तिवारी नामक दो युवकों से अनबन थी। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो वहां से भी पुलिस को अहम सुराग मिले।
पुलिस ने छानबीन के बाद सोमवार सुबह एसडीएम ऑफिस गीता कॉलोनी के पास से यश और राहुल तिवारी को दबोच लिया। इनसे पूछताछ के बाद बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। इनके पास से वारदात के समय पहने कपड़े भी बरामद कर लिये हैं। यश ने बताया कि उसने रहबर को अकेला देखकर बाकी दोस्तों को मौके पर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।