दिल्ली: कारोबारी और उसके कर्मचारी को गोली मारने की धमकी देकर छह लाख की लूट, सीलमपुर क्षेत्र में हुई वारदात
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
विस्तार
सीलमपुर इलाके में एक कारोबारी और उनके कर्मचारी को गोली मारने की धमकी देकर बदमाश छह लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी के कर्मचारी को लात मारकर गिरा दिया और उसके हाथ से बैग छीनकर बाइक से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
दिलशाद कॉलोनी निवासी सुशील कुमार बंसल का सीलमपुर इलाके में मेटल शीट का कारोबार है। उनके यहां छह कर्मचारी काम करते हैं। गुरुवार की रात करीब आठ बजे कारोबारी ने दिन भर के कलेक्शन की गिनती की। छह लाख रुपये को एक बैग में रखने के बाद उसे कर्मचारी प्रदीप को सौंप दिया। दोनों वहां से मेन रोड पर खड़ी कार के पास जा रहे थे। प्रदीप बैग लेकर पहले कार के पास पहुंच गया। जबकि कारोबारी कुछ दूरी पर थे।
आरोप है कि प्रदीप बैग को कार में रखने के लिए कार का दरवाजा खोला। इसी दौरान मुंह पर रुमाल बांधे दो युवक प्रदीप के पास आए। एक ने उस पर पिस्टल तान दी और उससे बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रदीप को लात मारी। सुशील भागकर अपने कर्मचारी को बचाने के लिए पहुंचा। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा और सुशील को गोली मारने की धमकी दी। तीनों बदमाश प्रदीप के हाथ से बैग छीनकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ितों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाश तेजी से वहां से भाग हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।