MCD Election : गीतों के सहारे मतदाताओं को साधने की तैयारी, कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी
Delhi : भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को अपना थीम सांग लॉन्च किया। भाजपा ने अपने विजय गीत में दिल्ली की व्यथा और कथा को सामने रखा है, जबकि आप का थीम सांग ‘जनता की तैयारी है, केजरीवाल की बारी है’ की पिच पर गढ़ा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एमसीडी चुनाव गीत के सहारे लड़ने की तैयारी है। चुनावी लड़इया जनसंपर्क अभियान के तहत इस गीत प्रचार को मुख्य हथियार बनाएंगे। भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को अपना थीम सांग लॉन्च किया। भाजपा ने अपने विजय गीत में दिल्ली की व्यथा और कथा को सामने रखा है, जबकि आप का थीम सांग ‘जनता की तैयारी है, केजरीवाल की बारी है’ की पिच पर गढ़ा है। मजेदार बात यह कि दोनों थीम सांग में आवाज जन प्रतिनिधियों ने दी है। और दोनों पूर्वांचल से ताल्लुक रखते हैं। भाजपा ने सांसद मनोज तिवारी और आप ने विधायक दिलीप पांडेय की आवाज के सहारे मतदाताओं के बड़े वर्ग पर प्रभाव डालने की कोशिश की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अधिकारिक रूप से सांसद मनोज तिवारी द्वारा गाया नगर निगम चुनाव 2022 का पार्टी थीम सांग को लॉन्च किया। इस गीत में जहां एक ओर केजरीवाल सरकार के कुशासन से दिल्ली में वायु प्रदूषण, मैली यमुना, शराब घोटाले आदि को दर्शाया गया है वहीं दूसरी ओर दिल्ली भाजपा एवं नगर निगम द्वारा कोविड काल में की गई सेवा, ढलाव मुक्त दिल्ली बनाने के लिए किए गए कार्य एवं विभिन्न अन्य सेवा कार्यों का उल्लेख किया गया है। गुप्ता ने कहा कि तिवारी के गाने के सहारे ही निगम चुनाव लड़ा था और अपने कार्यों एवं विकास के नए आयामों के आधार पर तीसरी बार जीते थे। इसलिए एक बार फिर से जनता की पूर्ण समर्थन के साथ निगम में आएंगे। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह गाना नहीं दिल्ली की पुकार है और इसको गलियों तक पहुंचाने का भाजपा ने फैसला कर लिया है।
जनता की तैयारी है, केजरीवाल की बारी है
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को निगम चुनाव के लिए पार्टी के थीम सांग ‘जनता की तैयारी है, केजरीवाल की बारी है’ को लॉन्च किया। गीत आप के बिहार के कार्यकर्ता लोकेश सिंह ने लिखा है,जबकि आवाज तिमारपुर के आप विधायक दिलीप पांडेय ने दी है।
इस मौके पर सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली को साफ़-सुथरा रखना एमसीडी का मूल काम था, लेकिन 17 सालों में भाजपा इसमें पूरी तरह फेल साबित हुई। जनता ने एक मौका दिया तो केजरीवाल ने सरकारी स्कूल-अस्पताल शानदार बनाए, फ्री बिजली दी, बुजुर्गों को फ्री तीर्थ-यात्रा करवाई, जबकि भाजपा ने 17 सालों से एमसीडी में कूड़े के तीन पहाड़ दिए है।
उन्होंने कहा कि पांच साल में अरविंद केजरीवाल इतना काम कर सकते है तो भाजपा 17 सालों में एमसीडी में कुछ भी क्यों नहीं कर पाई। दिल्ली वालों की जुबां पर एक ही सवाल है कि दिल्ली में भाजपा ने पिछले 17 सालों में क्या किया। इसलिए अबकी बार भाजपा से तंग आकर दिल्ली की जनता ने फैसला किया है कि दिल्ली को साफ करना है तो एमसीडी से भाजपा को साफ करना पड़ेगा। इस दौरान आम आदमी पार्टी के सचिव पंकज गुप्ता, विधायक दिलीप पांडेय व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक भी मौजूद थे।
सिंबल नहीं मिला तो कर लिया चोरी और दाखिल कर दिया नामांकन
चुनाव लड़ने की ललक ऐसी है कि नेताजी चोरी करने से भी बाज नहीं आ रहे है। पार्टी कार्यालय से ही सिंबल चुपके से चोरी कर लेते है। इतना ही नहीं इसी सिंबल के सहारे नामांकन भी कर देते है। सिंबल चोरी करने वाले और कोई नहीं बल्कि भाजपा के ही नेता है, जिसे इस सिंबल को बांटने के लिए पार्टी ने जोड़ा था। इस मामले में भाजपा नेताओं ने नार्थ एवेन्यू थाने एवं चुनाव आयोग से शिकायत की है।
एमसीडी चुनाव में भाजपा की लगातार फजीहत हो रही है। मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला भी सामने आया है। प्रदेश पदाधिकारी के बेहद करीबी माने जाने वाले नेता हरीओम गुप्ता ने चांदनी चौक (वार्ड 74) सीट पर बिना उम्मीदवार घोषित हुए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। पार्टी के अनुसार, इस वार्ड से रविंद्र कुमार उर्फ रवि कप्तान का नाम घोषित किया गया था, उसको सिंबल देकर नामांकन भी करवाया गया। लेकिन मंगलवार को यह जानकारी सामने आई कि इसी सीट से पार्टी के सिंबल के साथ हरिओम गुप्ता ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। गुप्ता की पत्नी चांदनी चौक सीट से पार्षद भी रह चुकी है।
गुप्ता प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी से इसी सीट से टिकट मांग रहे थे। टिकट की अंतिम दौड़ में भी थे, लेकिन पार्टी ने रविंद्र कुमार पर भरोसा जताया और उन्हें टिकट दिया। हरिओम गुप्ता के इस कारनामे की जानकारी रविंद्र कुमार ने पार्टी नेतृत्व को दी। इस पूरे मामले में सिंबल देने के लिए अधिकृत किए गए प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि उनके खिलाफ सिंबल चोरी का आरोप नार्थ एवेन्यू थाने में की गई है। शिकायत में यह भी है कि बिना किसी इजाजत के नामांकन दाखिल किया गया। साथ ही इस संबंध में उचित कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को भी पत्र लिखा गया है।
हरिओम गुप्ता को पार्टी ने सही तरह से सिंबल वितरण के काम में लगाया था, इसी बीच उन्होंने बिना जानकारी के पार्टी के सिंबल वाला फार्म चोरी कर लिया और उसके आधार पर अपना नामांकन भी भर दिया। अब पार्टी की तरफ से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। सोमवार को उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में जाकर नामांकन दाखिल कराया था। मंगलवार को पता चला कि पार्टी के एक और पदाधिकारी ने नामांकन दाखिल किया है।
कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी
एमसीडी चुनाव में कांग्रेस ने मतदाताओं को साधने के लिए 40 स्टार प्रचारकों को उतारेगी। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई के खिलाफ मेरी चमकती दिल्ली की कवायद को अमलीजामा पहनाने के लिए सभी वर्गों के स्टार प्रचारक तय किए गए हैं। सूची में पार्टी के ऐसे 40 नेता हैं जिन्होंने पार्टी को आगे बढ़ाने में पहले अहम भूमिका निभाई है।
स्टार प्रचारकों की सूची में सचिन पायलट, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संदीप दीक्षित, पवन खेड़ा, कृष्णा तीरथ, सलमान खुर्शीद, नदीम जावेद, मतीन अहमद, परवेज हाशमी, जेपी अग्रवाल, अजय माकन, अरविंदर सिंह लवली और सुभाष चोपड़ा भी शामिल हैं। दिल्ली के अतिरिक्त प्रभारी अजॉय कुमार और प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सहित पार्टी के कई और नेताओं को शामिल किया जा रहा है। पूर्वाचल के मतदाताओं को साधने के लिए कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार भी दिल्ली के मतदाताओं के बीच उतरेंगे।
महिला स्टार प्रचारक भी उतरेंगी मैदान में
महिला उम्मीदवारों की हौंसला आफजाई के लिए उनके समर्थन में सुप्रिया श्रीनेत्र, अलका लांबा, डॉ. रागिनी नायक, अमृता धवन सहित अग्रणी महिला नेत्रियों को शामिल किया गया है। 50 फीसदी से अधिक महिला उम्मीदवारों को देखते हुए महिला स्टार प्रचारकों को भी उतारा जा रहा है।