{"_id":"60b1717c8ebc3eaca07752d2","slug":"delhi-news-sir-i-have-a-little-cough-with-fever-not-this-corona","type":"story","status":"publish","title_hn":"सर! मुझे बुखार के साथ थोड़ी खांसी है...ये कोरोना तो नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सर! मुझे बुखार के साथ थोड़ी खांसी है...ये कोरोना तो नहीं
Sat, 29 May 2021 04:11 AM IST
दुष्यंत शर्मा
किशन कुमार, नई दिल्ली
किशन कुमार, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 29 May 2021 04:11 AM IST
सार
- संक्रमण के डर से लोग ले रहे हैं टेलीमेडिसिन का सहारा
- तीनों निगमों में पूर्वी निगम ने सुलझाईं सबसे ज्यादा समस्याएं
- आयुर्वेद और एलोपैथी तरीके से भी ले रहे हैं परामर्श
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
सर! मुझे बुखार के साथ थोड़ी खांसी है...कहीं ये कोरोना तो नहीं? मेरे सीने में दर्द का अहसास हो रहा है, थोड़ा कोल्ड भी है...। ये संक्रमण के लक्षण तो नहीं है। डॉक्टर साहब, मैं कोई भी नशा नहीं करता, लेकिन सीने में जलन और खांसी हो रही है...क्या करूं? कुछ इन्हीं तरह के सवाल लोगों ने टेलीमेडिसिन के जरिए विशेषज्ञों से पूछे हैं। तीनों नगर निगमों में की गई यह सार्थक पहल रंग भी लाई है। इसमें पूर्वी नगर निगम ने लोगों की सबसे अधिक समस्याओं का समाधान किया है। दक्षिणी निगम दूसरे नंबर पर रहा, जबकि उत्तरी निगम ने तीसरा स्थान पाया।
विज्ञापन
राजधानी में फिलहाल कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हो रही है, लेकिन पिछले दिनों बढ़े मामलों के बीच लोगों ने टेलीमेडिसिन का सहारा लिया। संक्रमण के डर से ज्यादातर लोगों ने फोन कॉल के जरिए ही विशेषज्ञों से समस्याएं साझा की और उनका समाधान पाया।
विज्ञापन
पूर्वी निगम : 7075 लोगों ने की कॉल
महापौर निर्मल जैन ने बताया कि गत माह टेलिमेडिसीन नाम की योजना शुरू की गई थी। इसके तहत 25 मई तक निगम में 7075 लोगों ने कोरोना उपचार को लेकर परामर्श लिया है। इसके लिए निगम ने 29 डॉक्टरों की अनुभवी टीम को तैनात किया हुआ है। इसमें एलोपैथी व आयुर्वेदिक तरीके से लोगों को सलाह दी जा रही है।
विज्ञापन
दक्षिणी निगम : यहां 6000 ने पाया समाधान
निगम के चार जोन में 16 अप्रैल से टेलीकॉलिंग की सुविधा शुरू की गई थी। इसके तहत 6000 लोगों ने कोरोना उपचार को लेकर अपनी उलझन डॉक्टरों को बताई है। इस सुविधा को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक सप्ताह में छह दिन जारी रखा गया है। निगम के एक अधिकारी के मुताबिक, फोन कॉल पर लोग तनावमुक्त होने के लिए भी कॉल कर रहे हैं। इसमें कुछ ऐसे मरीज भी हैं जो हाल ही में कोरोना से ठीक हुए हैं, लेकिन मन में दोबारा संक्रमित होेने का डर बना हुआ है। ऐसे मरीजों को डॉक्टर विभिन्न तरीकों से तनावमुक्त रहने की सलाह दे रहे हैं।
उत्तरी निगम : 888 लोगों ने ली सलाह
उत्तरी निगम ने टेलीकॉलिंग की शुरुआत इस माह की पहली तारीख से की थी। इसके तहत निगम क्षेत्र के कोरोना संक्रमितों के लिए नंबर जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर संक्रमित मरीज आयुर्वेद और एलोपैथी तरीके से परामर्श ले रहे हैं। 27 मई तक कुल 888 कॉल एलोपैथी इलाज के संदर्भ में मिले हैं। इसमें से 869 कॉल का जवाब दिया गया। इसके अलावा कुल 374 लोगों की कॉल में से 300 लोगों ने आयुर्वेदिक उपचार के लिए अपनी उलझन सुलझाई है।