{"_id":"60a54db98ebc3e8dbf3cba2d","slug":"delhi-ncr-temperature-recorded-lowest-in-70-years-due-to-tauktae-effect","type":"story","status":"publish","title_hn":"ताउते का असर: दिल्ली में 70 साल का टूटा रिकॉर्ड, मई में सबसे कम तापमान, एनसीआर तरबतर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ताउते का असर: दिल्ली में 70 साल का टूटा रिकॉर्ड, मई में सबसे कम तापमान, एनसीआर तरबतर
Thu, 20 May 2021 05:49 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Thu, 20 May 2021 05:49 AM IST
सार
मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, वर्ष 1951 से पहले यह रिकॉर्ड टूटा था। वहीं, इसके बाद 13 मई 1982 को सबसे कम अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
दिल्ली में बारिश ने बढ़ाई मुसीबतें
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताउते तूफान के असर से दिल्ली-एनसीआर का मौसम नए रिकॉर्ड बना रहा है। बुधवार दिन भर चली रिमझिम बारिश से अधिकतम तापमान पिछले 70 सालों में सबसे कम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 1951 में यह रिकॉर्ड टूटा था। वहीं, दिनभर दिल्ली-एनसीआर में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक 31.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी बारिश के जारी रहने की संभावना जताई है। बीती रात से भी लगातार बारिश चल रही है। इससे मई में ऑल टाइम रिकॉर्ड बन सकता है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, वर्ष 1951 से पहले यह रिकॉर्ड टूटा था। वहीं, इसके बाद 13 मई 1982 को सबसे कम अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दूसरी तरफ स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि मई में आमतौर पर इतना कम तापमान नहीं होता है, लेकिन ताउते तूफान का असर दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिला है। यही वजह है कि मंगलवार की शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को पूरा दिन जारी रहा।
विज्ञापन
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय दिल्ली-एनसीआर के आसमान में घने बादल बने हुए हैं। ऐसे बादल आमतौर पर मानसून के सीजन में ही देखने को मिलते हैं, जबकि अभी प्री-मानसून का दौर चल रहा है। इस दौर में ऐसी बारिश की बहुत कम संभावना होती है। इसे ताउते तूफान का असर का ही माना जाएगा कि दिल्ली-एनसीआर में लगातार मेघ बरस रहे हैं।
विज्ञापन
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 16 कम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच कम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसदी व न्यूनतम 78 फीसदी रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 23.4, नरेला में 24.1 व गुरुग्राम में 23.7 तापमान रहा।
अगले 24 घंटे तक नहीं बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में दिल्ली के मौसम में बदलाव न होने की संभावना जताई है। इस कड़ी में दिनभर बादलों के छाए रहने के साथ हल्की स्तर की बारिश जारी रहेगी। इससे अधिकतम तापमान 30 व न्यूनमत 20 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। इसके अगले 24 घंटों में दिल्ली का मौसम करवट लेगा और बादल छंटने के साथ तापमान में भी वृद्धि होगी। गौरतलब है कि लगातार गर्मी झेल रही दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने एक दिन पहले तेज हवा चलने के साथ बारिश की संभावना जताई थी। इस वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी कमी आने की बात कही गई थी।
शाम साढ़े पांच बजे तक कहां कितनी मिलीमीटर हुई बारिश
पालम- 27.8
लोधी रोड-30.4
गुरुग्राम-32
नजफगढ़-31.5
मयूर विहार-20