दिल्ली: एप से ऑनलाइन पेमेंट करने के बहाने शोरूम पर जाकर ठगता था महंगे मोबाइल, गिरफ्तार
पुलिस को आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह इलाहाबाद विश्व विद्यालय से कॉमर्स ग्रेजुएट है। वह फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। महंगे मोबाइल ठगने के बाद आरोपी इनको करोल बाग के गफ्फार मार्केट में बेच देता था। मध्य जिला पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विस्तार
मध्य जिला के साइबर सेल थाना पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है जो मोबाइल शोरूम पर जाकर ऑनलाइन पेमेंट करने के बहाने मोबाइल ठग लेता था। आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पेमेंट करने की बात कर उसका स्क्रीन शॉट शोरूम मालिक को दिखा देता था। शोरूम मालिकों को लगता था कि उनके फोन की पेमेंट हो गई। लेकिन हकीकत में पेमेंट नहीं होती थी। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के गांव तिलपट निवासी हेमंत वशिष्ठ (25) के रूप में हुई है।
पुलिस को आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह इलाहाबाद विश्व विद्यालय से कॉमर्स ग्रेजुएट है। वह फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। महंगे मोबाइल ठगने के बाद आरोपी इनको करोल बाग के गफ्फार मार्केट में बेच देता था। मध्य जिला पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
राजेंद्र नगर में मोबाइल शोरूम पर की ठगी
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान ने बताया कि दो दिसंबर को मध्य जिला के साइबर पुलिस थाने को ठगी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता मोहसिन खान ने बताया कि उसका राजेंद्र नगर में मोबाइल शोरूम है। अगस्त माह में उसके पास एक ग्राहक आया। युवक ने शोरूम से एक महंगा फोन खरीदा। बाद में उसकी यूपीआई एप के जरिये पेमेंट करने की बात की।
पीड़ित ने बताया कि पेमेंट करने के बाद आरोपी ने उसका स्क्रीन शॉट मोहसिन को दिखाया। इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर चला गया। लेकिन बाद में मोहसिन ने जब अपना खाता चेक किया तो उसमें मोबाइल की रकम नहीं आई थी। छानबीन के बाद मोहसिन को ठगी का पता चला तो उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
मोबाइल के खरीददार ने बताई सच्चाई
जांच के बाद पुलिस ने बेचे गए मोबाइल की जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि मोबाइल रमेश नगर निवासी असलम नामक युवक इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस की टीम उसके पास पहुंची तो असलम ने बताया कि उसने मोबाइल गफ्फार मार्केट से खरीदा था। पुलिस मोबाइल बेचने वाले दुकानदार के पास पहुंची तो उसने बताया कि उसे भी किसी अज्ञात युवक ने मोबाइल बेचा था।
पुलिस इसके बाद अज्ञात युवक का पता लगाने में जुट गई। इस दौरान शुक्रवार को आरोपी उसी दुकानदार के पास एक और नया फोन लेकर पहुंचा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से आईफोन-12 बरामद हुआ। आरोपी ने यह करोल बाग के एक दुकानदार से ठगा था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने कितने लोगों से इसी तरह मोबाइल ठगी। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।