{"_id":"5f4167ef8ebc3e3d233dc1c5","slug":"50-kg-tumor-removed-from-ovary-ashram-news-noi531323390","type":"story","status":"publish","title_hn":"साढ़े तीन घंटे की सर्जरी के बाद महिला के अंडाशय से निकाला 50 किलो का ट्यूमर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
साढ़े तीन घंटे की सर्जरी के बाद महिला के अंडाशय से निकाला 50 किलो का ट्यूमर
Sun, 23 Aug 2020 12:16 AM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Sun, 23 Aug 2020 12:16 AM IST
विज्ञापन
सर्जरी के बाद...
- फोटो : अमर उजाला
इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों ने 52 वर्षीय महिला मरीज के अंडाशय (ओवरी) में पनप रहे 50 किलोग्राम के ट्यूमर को निकालकर उसे जीवनदान दिया है।
विज्ञापन
डॉक्टरों का दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा ट्यूमर है और इसे निकालने में रोबोट सहायक विधियों समेत कई विशेष तकनीकों का सहारा लिया गया। इसके निकलने से महिला के शरीर का वजन लगभग आधा रह गया है। सर्जरी के बाद महिला ठीक हो गई है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
विज्ञापन
अस्पताल के सीनियर कंसलटेंट डॉ. अरुण प्रसाद ने बताया कि नई दिल्ली जिले की निवासी लक्ष्मी (बदला हुआ नाम) का वजन लगभग 106 किलोग्राम था।
उन्हें हाल ही में सांस लेने में परेशानी, पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द और चलने-फिरने जैसी समस्या होने लगी। उन्होंने स्थानीय डॉक्टर से परामर्श लिया तो उन्होंने अपोलो अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
यहां मरीज की जांच की गई तो पता चला कि ओवरी में लगभग 50 किलो का ट्यूमर है, जो बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इससे उनकी आंतों पर दबाव पड़ रहा था और शरीर का कोई भी हिस्सा खराब हो सकता था।
इस दौरान मरीज का हीमोग्लोबिन का स्तर भी छह तक गिर गया, जिससे गंभीर एनीमिया हो गया। यह देखते हुए उन्हें तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। करीब साढ़े तीन घंटे की सफल सर्जरी के बाद ट्यूमर को निकाला गया।
दुनिया का पहला मामला
अस्पताल की कंसलटेंट डॉ. गीता चड्डा ने बताया कि ओवरी में 50 किलो के ट्यूमर का यह पहला मामला है। ये पूरी दुनिया में सबसे भारी ट्यूमर था, जिसे सफलतापूर्वक निकाला गया है। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 2017 में इसी तरह का एक मामला कोयंबटूर में आया था, जहां एक महिला की ओवरी से 34 किलो का ट्यूमर निकाला गया था।