बुलदंशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर ट्राला और बाइक समेत अवैध असलाह भी बरामद किया है। तीनो शातिर चोरों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रविवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व चैकिंग कर रही थी। चैकिंग के दौरान नीमखेड़ा की ओर से आ रहे ट्रैक्टर को मामन चुंगी के निकट रोका गया। तलाशी ली तो उनके कब्जे से तमंचा-कारतूस व ट्रैक्टर में लगे ट्राले में छिपा कर रखी चोरी की दो बाइक बरामद हो गई। थाने लाकर तीनों से पूछताछ की तो तीनों ने खुद को वाहन चोर बताया और बताया कि, यह ट्रोला पिछले साल 15 अप्रैल को थाना सलेमपुर के गांव चिट्टा से चोरी किया था। बरामद बाइक भी चोरी की है, जो अलीगढ़ के जट्टारी क्षेत्र से चोरी की थी। पकड़े गए ट्रैक्टर की मदद से ही ट्रोला चोरी किया गया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त हेमा उर्फ गौरव, हरेंद्र निवासीगण गांव अच्छेजा घाट थाना खुर्जा देहात और नईम उर्फ पिंटू निवासी गांव नीमखेड़ा थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। इन तीनो में नईम शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ विभिन्न अपराधों के चार मुकदमे दर्ज हैं और अन्यों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही तीनो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।