बुलंदशहर। डीएम रविंद्र कुमार की पुस्तक एवरेस्ट सपनों की उड़ान सिफर से शिखर तक को अज्ञेय पुरस्कार मिलने की घोषणा पर डिस्ट्रिक बार के पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान डिस्ट्रिक बार अध्यक्ष के नेतृत्व में बार पाधिकारियों ने डीएम को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीएम रविंद्र कुमार की किताब एवरेस्ट सपनों की उड़ान सिफर से शिखर तक को उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान ने वर्ष 2019 के यात्रा-वृतान्त विधा के तहत सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। इसके तहत उन्हें 75,000 रुपये की राशि और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार मिलने की घोषण के बाद शनिवार को डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र कुमार रघुवंशी और महासचिव मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक दल ने कलेक्ट्रेट में डीएम से मुलाकात की। इस दौरान डीएम को डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन की तरफ से प्रशस्ति पत्र दिया गया। डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र कुमार रघुवंशी ने बताया कि जिलाधिकारी को पूर्व में भी सिक्किम खेल रत्न अवार्ड, बिहार विशेष खेल सम्मान, अटल मिथला सम्मान समेत कई अन्य पुरस्कार मिल चुका है। ऐसे में यह अवार्ड भी जिलाधिकारी को मिलना जनपद के लिए गौरव का विषय है। इस दौरान एसएसपी संतोष कुमार सिंह समेत अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।