पिता ने उधार न चुकाया तो नाबालिग बेटे से लिया बदला, घर में घुसकर पीट-पीटकर किया बुरा हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवक ने घर में घुसकर नाबालिग लड़के का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक ने उसकी साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पीड़ित ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी तसलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी एक युवक से उसके पिता ने कुछ रुपये उधार लिए थे।
बुधवार को उसके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इस बीच युवक उसके घर पर आया और पिता को उधार दिए पैसे मांगने लगा। इस पर उसने पिता के घर पर आने के बाद पैसे मिलने की बात कही।
आरोप है कि युवक ने नाबालिग के साथ गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर मारपीट करते हुए उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पीड़ित ने पिता के घर पहुंचने पर आपबीती सुनाई। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। दूसरे पक्ष को भी कोतवाली बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।