अमर उजाला इफेक्ट: अब शराब नहीं मसाला उद्योग चलाएंगी प्रियंका, सीएम ने दिया 15 लाख का लोन
मसाला उद्योग के लिए लोन न मिलने पर शराब उद्योग के लिए लोन मांगने को लेकर सीएम को भेजे गए प्रियंका के पत्र का असर हो गया है। अमर उजाला ने प्रियंका के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
नतीजन अब कांडाखाल, पौड़ी निवासी प्रियंका असवाल अब कच्ची शराब नहीं बल्कि मसाला उद्योग चलाएंगीं। मसाला उद्योग शुरू करने के लिए उन्हें सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का लोन मिल गया है। कुछ समय पूर्व लोन न मिलने से निराश होकर उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र भेजकर कच्ची शराब की फैक्ट्री के लिए लोन मांगा था।
कांडाखाल कौडिया निवासी इंद्रजीत सिंह असवाल की पत्नी प्रियंका ने बीते अगस्त माह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को पत्र भेजा था। प्रियंका ने अपने पत्र में लिखा कि मसाला उद्योग लगाने के लिए उसे 25 लाख का लोन चाहिए।
पिछले लंबे समय से वह बैंकों के चक्कर काट रही है लेकिन लोन नहीं मिल रहा है। इसलिए सरकार उसे गांव में कच्ची शराब बनाने की अनुमति दे। इसके लिए उसे लोन की जरूरत भी नहीं पड़ेगी और वह कुछ लोगों को रोजगार भी दे सकती है। प्रियंका का यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
पांच अगस्त 2018 को अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और लोन की प्रक्रिया शुरू की। मंगलवार को पहली किश्त के रूप में उन्हें 15 लाख रुपये मिल गए। इंद्रजीत सिंह असवाल ने बताया कि वह गांव में मसाला उद्योग लगाना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में खेत बंजर हो गए हैं। उनकी योजना वहां मसाला उगाने की है। हल्दी-अदरक जैसे मसालों को बंदर और जंगली जानवर नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। आसपास के गांवों से मसाला खरीदने के बाद वह गांव में ही पीसकर बाजार तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारियों ने उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड समेत अन्य योजनाओं का लाभ देने का भी आश्वासन दिया है।