आपने एयरपोर्ट रनवे पर जहाजों को दौड़ते देखा या सुुना होगा, लेकिन रनवे पर खूंखार भेड़िया दौड़ते नहीं देखा होगा। बृहस्पतिवार सुबह वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एक खूंखार भेड़िए को पकड़ा। रेस्क्यू टीम ने सियारों को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया था, लेकिन उसमें भेड़िया फंस गया। प्रमुख वन संरक्षक के आदेश पर भेड़िए को पहले वन मुख्यालय लाया गया, उसके बाद उसे धौलखंड रेंज ले जाकर जंगल मेें छोड़ दिया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट के अधिकारियों ने वन विभाग को शिकायत दर्ज कराई थी कि रनवे और उसके आसपास आए दिन सियार आ रहे हैं। इससे हादसा होने का डर बना रहता है। इस पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने रनवे के आसपास पिंजड़ा लगाया। लेकिन इसमें सियार की जगह खूंखार भेड़िया फंस गया। भेड़िया देख रेस्क्यू टीम में शामिल वनकर्मी भी भौचक रह गए। प्रमुख वन संरक्षक के आदेश पर भेड़िए को वन मुख्यालय लाया गया। उसके बाद भेड़िए को धौलखंड के जंगल में छोड़ दिया गया। वनाधिकारियाें की मानें तो यह पहली बार है जब जौलीग्रांट क्षेत्र में भेड़िया पकड़ा है। रेस्क्यू टीम में वन क्षेत्राधिकारी उदयनंद गौड़, रवि जोशी, जितेेंद्र बिष्ट और देवेंद्र रावत शामिल थे।