Uttarakhand Weather Today : देहरादून सहित तीन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून सहित तीन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Weather Today : मलबा आने से बंद पड़े चारधाम यात्रा मार्ग, अतिवृष्टि से पंचायत घर क्षतिग्रस्त
सोमवार को प्रदेशभर में सुबह की शुरुआत तेज धूप से हुई। हालांकि दोपहर होने तक आसमान में बादल छाने लगे। दोपहर बाद देहरादून सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल अत्यधिक भारी बारिश का खतरा नहीं है,
लेकिन मंगलवार को देहरादून, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसीलिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सभी विभागों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
गरुड़ में एक मकान ध्वस्त, दूसरा क्षतिग्रस्त
बागेश्वर में लगातार हो रही बारिश से नुकसान थमने का नाम नहीं ले रहा है। गरुड़ में एक मकान ध्वस्त, जबकि दूसरे को आंशिक क्षति पहुंची है। प्रभावित परिवारों ने गांव में ही अन्यत्र शरण ले रखी है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गरुड़ तहसील के ग्वाड़पजेड़ा निवासी पुष्पा देवी पत्नी किशनराम का मकान ध्वस्त हो गया। गरुड़ के ही मटेना निवासी पूरन राम पुत्र गोपाल राम के मकान को भी आंशिक क्षति पहुंची है। दोनों प्रभावितों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। आपदा प्रबंधन कार्यालय से जानकारी दी गई है कि प्रभावित परिवारों को अहेतुक सहायता देने के लिए तहसील स्तर पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
बागेश्वर में 12 सड़कें बंद
बागेश्वर-दफौट, सनगाड़-बास्ती, धपोली-जेठाई, मल्लाडोबा-नौघरस्टेट, कौसानी-भतड़िया, विजयपुर-रनकांडे-पैंसिया, कमेड़ीदेवी-भैंसूडी, अल्मोड़ा-ग्वालदम-हवीलकुलवान, धरमघर-माजखेत, शामा-नाकुड़ी, रिखाड़ी-बाछम, रौल्यिना-लोहागड़ी।