{"_id":"5db1d8938ebc3e01463f56f0","slug":"vigilance-arrested-principal-clerk-of-pwd-taking-bribe-of-5-thousand-in-haldwani","type":"story","status":"publish","title_hn":"विजिलेंस ने लोनिवि के प्रधान लिपिक को किया गिरफ्तार, ठेकेदार से मांगी थी 5000 की रिश्वत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
विजिलेंस ने लोनिवि के प्रधान लिपिक को किया गिरफ्तार, ठेकेदार से मांगी थी 5000 की रिश्वत
Fri, 25 Oct 2019 09:55 AM IST
अलका त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी
Published by: अलका त्यागी
Updated Fri, 25 Oct 2019 09:55 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सतर्कता विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार शाम लोनिवि के प्रधान लिपिक को सरस मार्केट में ठेकेदार से पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लिपिक अधीक्षण अभियंता नैनीताल के कार्यालय में तैनात है। आरोपी के बयान के आधार पर सतर्कता विभाग की टीम लोनिवि के अधिकारियों से पूछताछ करेगी।
विज्ञापन
सतर्कता विभाग के एसपी डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव के अनुसार शिकायतकर्ता लोक निर्माण विभाग का पंजीकृत ठेकेदार है। उसने लालकुआं तहसील भवन का 2015 में ठेका लिया था। विभाग के पास बजट नहीं होने के कारण काम बीच में रुक गया, लेकिन इस साल काम पूरा हो गया। काम के संबंध में ठेकेदार ने लोनिवि को एक प्रार्थनापत्र दिया था। साथ ही वह अधीक्षण अभियंता द्वितीय वृत्त नैनीताल के प्रधान लिपिक प्रदीप चंद्र पांडे से मिला।
विज्ञापन
प्रदीप पांडे ने अधीक्षण अभियंता से काम कराने के लिए दस हजार रुपये मांगे। ठेकेदार ने चार हजार रुपये प्रधान लिपिक को दिए। 22 अक्तूबर को प्रधान लिपिक ने ठेकेदार को काम स्वीकृत होने की सूचना दी। साथ ही पत्रावली आगे बढ़ाने के लिए प्रदीप ने ठेकेदार से बाकी छह हजार रुपये की मांग की। काफी अनुरोध करने पर प्रधान लिपिक पांच हजार रुपये देने पर काम करने के लिए तैयार हो गया।
विज्ञापन
परेशान ठेकेदार ने इस मामले में 23 अक्तूबर 2019 को सतर्कता विभाग कार्यालय में जाकर अधिकारियों को अधीक्षण अभियंता के प्रधान लिपिक के खिलाफ लिखित शिकायत की। इस मामले में सतर्कता विभाग के एसपी ने प्राथमिक जांच कराई। जांच सही पाए जाने पर एसपी ने निरीक्षक पीके उप्रेती के नेतृत्व में लिपिक को पकड़ने के लिए एक दस्ते का गठन किया।
योजना के तहत ठेकेदार ने सरस मार्केट में प्रधान लिपिक को बुलाकर पांच हजार रुपये दिए। इसी समय सतर्कता विभाग की टीम ने प्रधान लिपिक को रंगेहाथ पकड़ लिया। प्रदीप चंद्र पांडे जेकेपुरम मुखानी का रहने वाला है। सतर्कता विभाग ने प्रदीप पांडे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे शुक्रवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
टीम को मिलेगा इनाम
एसपी अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ लिपिक की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर सतर्कता विभाग के निदेशक ने पुलिस टीम को पांच हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए टोल फ्री नंबर 18001806666 पर सूचना देने और फेसबुक, वाट्सएप नंबर 9456592300 पर भी सतर्कता विभाग को जानकारी देने की अपील की है।