वसंत पंचमी 2021: गंगा स्नान के लिए नौ जोन और 23 सेक्टरों में बांटा हरिद्वार, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वसंत पंचमी के स्नान पर्व को लेकर कुंभ मेला पुलिस ने हरिद्वार जिले को नौ जोन व 25 सेक्टरों में बांटा है। इनमें एक सेक्टर जीआरपी व यातायात का भी बनाया गया है। इसके साथ ही ड्यूटी लगा दी गई है। प्रत्येक जोन में प्रभारी अधिकारी के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक और सेक्टरों में पुलिस उपाधीक्षक को नियुक्त किया गया है।
कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों व अधिकारियों से कहा कि भगदड़ संभावित स्थानों पर किसी भी रूप में भीड़ को इकट्ठा न होने दें। व्यवहारिकता के साथ ड्यूटी करें, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार करें और स्नान पर्व ड्यूटी को पुण्य कार्य मानकर निभाएं। इसके अलावा ड्यूटी स्थल पर किसी भी प्रकार की लावारिस वस्तुओं को नजर में रखें। मंगलवार को होने वाले वसंत पंचमी स्नान पर्व को लेकर कुंभ मेला व हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यह भी पढ़ें: वसंत पंचमी 2021: बन रहा शुभ और मंगलकारी योग, इस समय पूजा और गंगा स्नान करना होगा फलदायी
मायापुर स्थित भल्ला इंटर कॉलेज के मैदान में वसंत पंचमी के स्नान पर्व पर लगने वाले पुलिस बल को कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल से संबोधित किया। उन्होंने पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों व कर्मचारियों से कहा कि आपकी ड्यूटी कहां लगी है, क्यों लगी है, ड्यूटी के दौरान क्या करना है और आपकी ड्यूटी का क्या प्रभाव मेला व्यवस्था पर है। यदि आप अपनी ड्यूटी से जुड़ी ये बातें अच्छे से समझ लेंगे तो ड्यूटी के दौरान कोई कठिनाई नहीं होगी।
पुलिस उपाधीक्षक यातायात कुंभ मेला प्रकाश देवली ने यातायात के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिन जवानों की जहां पर ड्यूटी लगी है। वे वहां पर इधर-उधर गाड़ियां खड़ी न हो दें, जो भी वाहन गलत जगह खड़े हों, उन्हें क्रेन की मदद से निर्धारित पार्किंग में लगवाएं। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंगों में ही खड़ा कराएं और अनावश्यक रूप से डायवर्जन प्लान लागू न करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार सेंथिल अबुदाई कृष्ण राज ने कहा कि बॉर्डर पर लगे पुलिस बल की ड्यूटी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि बॉर्डर पर लगा पुलिस बल अपनी ड्यूटी अच्छे से करेगा तो मेला क्षेत्र में कम से कम समस्या पैदा होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि जैसे-जैसे मौसम में गर्मी बढ़ेगी वैसे-वैसे आगे आने वाले स्नान पर्वों में भीड़ में इजाफा होगा, इसलिए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें। इस दौरान ब्रीफिंग में कुंभ मेले में ड्यूटीरत सभी अर्धसैनिक बलों, नागरिक पुलिस, घुड़सवार पुलिस, संचार पुलिस, उत्तराखंड पीएसी, एनएसजी, एटीएस, अभिसूचना शाखा, बम निरोधक दस्ते और होमगार्ड्स आदि के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
भिखारियों और फल वालों को रास्ते में न बैठने दें
पुलिसकर्मियों को बताया गया कि वे अपनी ड्यूटी स्थल के नजदीक लगे पुलिस बल के बारे में भी जानकारी रखें। पुलों और आने-जाने के रास्तों पर भिखारियों, फड़वालों और लोगों को न बैठने दें। स्नान करने के बाद लोगों को घाटों पर न रुकने दें। आने वाले सभी श्रद्धालुओं से कोविड से संबंधित नियमों का पालन कराएं।
एसओपी का कराएं सही ढंग से पालन
जिलाधिकारी हरिद्वार सी रविशंकर ने कुंभ पुलिस के सभी अधिकारी/जवानों को निर्देशित किया कि वे स्नान पर्व के दौरान ड्यूटी करते समय कोविड के संबंध में जारी एसओपी का सही से पालन कराएं। स्नान घाटों पर सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का पूरी तरह से पालन कराएं। जो जवान टीकाकरण नहीं करा पाए हैं, वे जल्द से जल्द अपना टीकाकरण करा लें।