उत्तरकाशी हेलीकॉप्टर क्रैश : हादसे की जांच करेगा डीजीसीए, टीम पहुंची देहरादून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरकाशी जिले में आपदा प्रभावित इलाके में राहत कार्य में लगे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच डीजीसीए की टीम करेगी। टीम देहरादून पहुंच गई है। टीम आज घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की रिपोर्ट तैयार करेगी। नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर ने टीम के पहुंचने की पुष्टि की है।
आपदा प्रभावित आराकोट क्षेत्र के गांवों में राहत सामग्री पहुंचा रहा एक हेलीकॉप्टर मोल्डी गांव के पास तार से टकराकर क्रैश हो गया था। हादसे में हेलीकॉप्टर के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार पायलट एवं इंजीनियर के साथ ही एक स्थानीय युवक की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर से तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए।
मोल्डी गांव राहत सामग्री पहुंचाने गया था हेलीकॉप्टर
बीते रविवार को आराकोट क्षेत्र के गांवों में बादल फटने से मची तबाही में इन गांवों के सड़क, पुल एवं संपर्क मार्ग तबाह हो चुके हैं। इस कारण सड़क मार्ग से इन गांवों तक राहत सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। सरकार द्वारा यहां हेलीकॉप्टरों के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
आराकोट और मोरी में बेस बनाकर राहत सामग्री भिजवाई जा रही है। बुधवार को मोरी बेस से हैरिटेज कंपनी का हेलीकॉप्टर आराकोट क्षेत्र के अलग-थलग पड़े गांवों में राहत सामग्री पहुंचा रहा था। तीन राउंड में टिकोची, किराणू और कलीच तक राहत सामग्री पहुंचाने के बाद दोपहर करीब 12 बजे यह हेलीकॉप्टर मोल्डी गांव राहत सामग्री पहुंचाने गया था।
ट्रॉली के तारों में उलझकर क्रैश हो गया था हेलीकॉप्टर
गांव में राहत सामग्री छोड़ने के बाद यह हेलीकॉप्टर लौटते समय कलीच गांव से मोल्डी में सड़क तक सेब के ढुलान के लिए लगी ट्रॉली के तारों में उलझकर क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर तेज धमाके के साथ जंगल में गिरा और इसमें आग लग गई। आसपास के क्षेत्र में तत्काल ही इस हादसे का पता चल गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की रेस्क्यू टीमें मौके तक पहुंच गई।
इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन रंजीव लाल (53) पुत्र चरणजीत लाल निवासी सुखदेव विहार, दिल्ली, इंजीनियर शैलेश कुमार सिंह (37) निवासी कोलकाता और राजपाल राणा (32) पुत्र विजय सिंह निवासी खरसाली, यमुनोत्री (उत्तरकाशी) की मौके पर ही मौत हो गई।